कैबिनेट मंत्री सोमवार को सवाई माधोपुर मेडिकल कॉलेज के घटिया निर्माण कार्य को देखकर भड़क गए। उन्होंने मौके पर मौजूद एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को फटकार लगाते हुए कहा- तुम्हें शर्म नहीं आती है। प्लास्टर के नाम पर मिट्टी डाल रहे हो। चोर हो। लुटेरों…देश को खा गए। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर का आरोप है कि इसके बाद मंत्री के समर्थक भी भड़क उठे और प्रोजेक्ट मैनेजर नवनीत के साथ मौजूद असिस्टेंट इंजीनियर से मारपीट शुरू कर दी। उन्हें पीटा गया। मामले की शिकायत भी जयपुर में बैठे उच्चाधिकारियों को की गई है। कृषि मंत्री डॉक्टर किरोडी लाल मीणा सोमवार शाम को सवाई माधोपुर मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे इसी दौरान उनके समर्थकों की ओर से कुछ अधिकारियों के साथ मारपीट की गई। निदेशक राकेश दीक्षित आरएसआरडीसी (राजस्थान राज्य सड़क विकास और निर्माण निगम लिमिटेड) ने उच्चाधिकारियों को दी है। मेडिकल कॉलेज का जायजा लेने गए थे
दरअसल, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा सोमवार की शाम करीब 4 बजे ठींगला स्थित निर्माणाधीन राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान कॉलेज बिल्डिंग के निर्माण में खामियां और घटिया निर्माण को लेकर कृषि मंत्री डॉक्टर किरोडी लाल मीणा ने नाराजगी जाहिर की। प्लास्टर को लेकर आरएसआरडीसी के अधिकारियों से सवाल किए तो वे जवाब नहीं दे पाए। मंत्री ने मौके पर मौजूद XEN राकेश कुमार दीक्षित, AEN सुमित मिश्रा और प्रोजेक्ट मैनेजर नवनीत को फटकार लगाई। कहा कि ‘शर्म नहीं आती, लुटेरों…देश को खा गए।’ उन्होंने कहा- सरकार पैसा दे रही है तो कॉलेज का निर्माण कार्य भी टिकाऊ और अच्छा होना चाहिए, उन्होंने कॉलेज निर्माणकार्य की निरंतर मॉनिटरिंग को लेकर उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए। हालांकि आरोप है कि घटना के बाद उनके समर्थक भी भड़क उठे और अधिकारियों से मारपीट कर दी। एक्सईएन बोले- मंत्री समर्थकों ने हमें पीटा, उच्चाधिकारियों को शिकायत की है
एक्सईएन राकेश कुमार दीक्षित का कहना है- समर्थकों की भीड़ ने प्रोजेक्ट मैनेजर नवनीत और AEN सुमित मिश्रा के साथ मारपीट की। उसके बाद मेरे साथ मारपीट हुई। मुझे अंदेशा है कि घटना के सीसीटीवी फुटेज के साथ गड़बड़ी हो सकती है। अगर ऐसा किया गया तो प्रिंसिपल के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। दीक्षित का कहना है- मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल बुद्धिप्रकाश ने द्वेषवश इतनी बड़ी बिल्डिंग में उन्हीं जगहों को दिखाया, जहां थोड़ी बहुत खामियां थीं। हालांकि घटना की शिकायत जयपुर में बैठे उच्चाधिकारियों को दी गई है। प्रिंसिपल बोले- खामियां मिलने के बाद मंत्री समर्थक नाराज हो गए थे
मामले में मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बीपी मीना का कहना है कि अधिकारियों की ओर से उनके ऊपर लगाए गए आरोप निराधार है। कृषि मंत्री के निरीक्षण के दौरान खामियां पाए जाने से समर्थक नाराज हुए थे, इसके बाद ही घटनाक्रम हुआ था।


