भास्कर न्यूज | गढ़वा शैक्षणिक सत्र 2026 में आयोजित होने वाली मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षाएं आज से शुरू हो जाएगी। प्रथम पाली मेंे मैट्रिक व दूसरे में इंटर की परीक्षा होगी। वहीं इस बार पिछले वर्ष 2025 की तुलना में इस वर्ष दोनों ही परीक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में मैट्रिक परीक्षा में कुल 22,092 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। वहीं इस वर्ष 2026 में मैट्रिक परीक्षार्थियों की संख्या बढ़कर 22,140 हो गई है। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में मैट्रिक स्तर पर 48 परीक्षार्थियों की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं दूसरी ओर इंटरमीडिएट परीक्षा के आंकड़े कहीं अधिक उत्साहजनक हैं। वर्ष 2025 में इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 13,865 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें कला संकाय के 9,034, विज्ञान संकाय के 4,624 और वाणिज्य संकाय के 204 परीक्षार्थी थे। इसके मुकाबले वर्ष 2026 में इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों की कुल संख्या बढ़कर 24,640 हो गई है। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में इंटरमीडिएट स्तर पर 10,775 परीक्षार्थियों की भारी वृद्धि दर्ज की गई है। इंटर में दोगुने से अधिक छात्र देंगे परीक्षा, कॉमर्स में अधिक इस वर्ष इंटरमीडिएट में संकायवार आंकड़ों पर नजर डालें तो कला संकाय में सबसे अधिक वृद्धि देखने को मिली है। कला संकाय के परीक्षार्थियों की संख्या बढ़कर 20,118 हो गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में दोगुने से भी अधिक है। वहीं विज्ञान संकाय में इस वर्ष 4,293 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जबकि वाणिज्य संकाय में 229 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। कला संकाय में हुई इस बड़ी वृद्धि को ग्रामीण क्षेत्रों में कॉलेजों की संख्या बढ़ने, छात्रवृत्ति योजनाओं और उच्च शिक्षा के प्रति बढ़ती रुचि से जोड़कर देखा जा रहा है। शब ए बरात के दिन मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू होने से मुस्लिम परीक्षार्थी परेशान हैं। इस संबंध में मुस्लिम परीक्षार्थियों का कहना है कि शब ए बरात की रात लोग पूरी रात जागकर खुदा की इबादत करते हैं। ऐसे में यदि वे अगले दिन चार फरवरी को बेहतर तरीके से परीक्षा नहीं दे पाएंगे। उन्होंने कहा कि शब ए बरात के दिन तीन फरवरी को मैट्रिक के परीक्षार्थियों के लिए आईआईटी एंड अदर वोकेशनल सब्जेक्ट और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों के लिए विकेशनल सब्जेक्ट की परीक्षा होना है। जबकि चार फरवरी को मैट्रिक के परीक्षार्थियों के लिए हिंदी ए और हिंदी बी तथा इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों के लिए इकोनॉमिक्स और एंथ्रोपोलॉजी विषय की परीक्षा होना है। शब ए बरात के दिन परीक्षा शुरू होने से मुस्लिम परीक्षार्थी परेशान, कहा-थोड़ी परेशानी बढ़ेगी


