भास्कर न्यूज | गढ़वा बीएनटी संत मेरी स्कूल गढ़वा में विद्यालय का वार्षिक समारोह सह रजत जयंती समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय के 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित यह समारोह विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अतिथियों के लिए यादगार बन गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की थीम रूट्स एंड विंग्स रखी गई थी।जो विद्यार्थियों को मजबूत संस्कारों से जुड़े रहते हुए अपने सपनों की ऊंची उड़ान भरने की प्रेरणा देती है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पलामू प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा उपस्थित थे। वहीं विशिष्ट के रूप में एसडीपीओ गढ़वा नीरज कुमार, गढ़वा पुलिस निरीक्षक सुनील तिवारी, रोटरी स्कूल, डाल्टनगंज के प्राचार्य आशीष कुमार पांडेय, प्राचार्य, ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल मेदिनीनगर के प्राचार्य राहुल कुमार सिंह, सुरेश जायसवाल, डॉ कुलदेव चौधरी, शशिशेखर गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि रिंकू तिवारी, सूरज सिंह, महावीर प्रसाद, दिलिप जायसवाल, चंदन गोंड, कृष्ण केसरी, विजय तिवारी आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य सम्मानित अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।


