सरायकेला| नगरपालिका आम निर्वाचन- 2026 के तहत जिला स्तर पर सोमवार को प्रथम चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम में 20 मास्टर ट्रेनरों द्वारा 843 कर्मचारियों को चुनाव का प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण एनआर प्लस टू उच्च विद्यालय में दो पालियों में हुआ, जिसमें प्रथम पाली में कुचाई, खरसावां एवं कुकड़ू प्रखंड और द्वितीय पाली में गम्हरिया प्रखंड के मतदान कर्मी, पीठासीन पदाधिकारी एवं प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ मतदान पदाधिकारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नगरपालिका निर्वाचन से संबंधित सभी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें आदर्श आचार संहिता, विधि-व्यवस्था, मतदान दल का गठन, मतपेटिका और मतदान सामग्री, मतपत्र, मतदान केंद्र का संचालन, मतदान पदाधिकारियों के बीच कर्तव्यों का आवंटन, मतपेटिका की तैयारी, मतपेटिकाओं के परिचालन की प्रक्रिया, मतपत्र लेखा, पेपर सील लेखा, पीठासीन पदाधिकारी की डायरी तथा अन्य आवश्यक प्रपत्रों की जानकारी शामिल रही। साथ ही मतपेटी का हैंड्सऑन अभ्यास भी कराया गया, जिससे मतदान कर्मियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके। इस प्रशिक्षण में जिले के 20 मास्टर ट्रेनरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें तरुण कुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह, राजेश मिश्रा, अजित कुमार, जयदेव चन्द्र त्रिपाठी, प्रभाकर मणि तिवारी, अविनाश कुमार मिश्रा आदि शामिल रहे।


