नगरपालिका आम निर्वाचन को लेकर सरायकेला में नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को नगर पंचायत अध्यक्ष और नगर निगम महापौर पद के लिए दो उम्मीदवारों ने नामांकन फॉर्म की खरीदारी की। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जलेश कवि ने नामांकन पत्र लिया, जबकि नगर निगम के महापौर पद के लिए संजय सरदार ने फॉर्म खरीदा। जानकारी के अनुसार जलेश कवि 4 फरवरी को अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। वहीं नगर पंचायत क्षेत्र में वार्ड पार्षद पद के लिए भी उत्साह देखने को मिला। सोमवार को कुल 10 अभ्यर्थियों ने नामांकन फॉर्म खरीदा, जिनमें पांच महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। दूसरी ओर पांच लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वार्ड संख्या 8 से अविनाश कवि और सुदीप कुमार महंथी ने नामांकन दाखिल किया, जबकि वार्ड संख्या 9 से पिंकी मोदक एवं मनोज कुमार कवि तथा वार्ड संख्या 11 से अंजलि राय ने भी नामांकन पत्र जमा किए। भास्कर न्यूज | सरायकेला नगर पंचायत चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। सरायकेला के राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव ने भी अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी ठोक दी है। वे मंगलवार को नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन से पूर्व सोमवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं और चुनाव में उतरने के कारणों को साझा किया। राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव ने कहा कि शुरुआत में स्वास्थ्य कारणों से उनकी चुनाव लड़ने की कोई मंशा नहीं थी। उन्होंने कहा कि “हम तो स्वास्थ्य कारणों से चुनाव लड़ना नहीं चाहते थे, लेकिन जनता के भारी आग्रह और प्यार ने मुझे अपना फैसला बदलने पर मजबूर कर दिया।’ उन्होंने यह भी बताया कि उनकी अनुपस्थिति में परिवार के सदस्यों ने पहले ही नामांकन पत्र खरीद लिया था, जो जनता की उम्मीदों का ही प्रतीक है। राजनीतिक दल के बजो निर्दलीय चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका कोई एक खास दल नहीं है, बल्कि सरायकेला की पूरी जनता ही उनका परिवार है। उन्होंने कहा, “सरायकेला की जनता राज परिवार के साथ पुराने और गहरे संबंध रखती है। हमारा अस्तित्व जनता से जुड़ा है, इसलिए चुनाव में उतरना अब जरूरी हो गया है।’ अस्वस्थ रहने के बावजूद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रानी अरुणिमा सिंहदेव भी उपस्थित रहे।


