शिकायत की तो 2 भाइयों पर हमला, एक की 3 उंगलियां कटीं

भास्कर न्यूज| लुधियाना घर पर शिकायत करने से नाराज दो युवकों ने दो भाइयों पर किरपान से हमला कर दिया। वारदात सोमवार दोपहर करीब एक बजे गांव दाद में हुई। हमले में दोनों भाई घायल हो गए। घायलों की पहचान लखविंदर सिंह (37) और जगविंदर सिंह (35) निवासी गांव नारंगवाल जोधा के रूप में हुई है। हमले में जगविंदर सिंह की हाथ की तीन उंगलियां कट गईं, जबकि लखविंदर सिंह के हाथ में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। पीड़ित लखविंदर सिंह ने बताया कि गांव दाद में उनकी फोटो फ्रेम की दुकान है। पिछले कई दिनों से दो युवक उनकी दुकान के बाहर आकर खड़े हो जाते थे। उन्होंने कई बार युवकों को वहां खड़े होने से मना किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद शनिवार रात को वे दोनों युवकों के घर जाकर उनके परिजनों को इसकी शिकायत करने गए थे। इस बात से नाराज होकर सोमवार को दोनों युवक दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौच शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने किरपान से लखविंदर सिंह पर हमला कर दिया। उनके हाथ पर गंभीर चोट लगी और वह जमीन पर गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने उनके छोटे भाई जगविंदर सिंह पर भी हमला किया। जगविंदर सिंह ने किरपान पकड़कर बचाव करने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनकी तीन उंगलियां हड्डी तक कट गईं। शोर सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। खुद को घिरता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद दोनों घायलों को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जगविंदर सिंह की उंगलियों पर टांके लगाए और लखविंदर सिंह के हाथ पर पट्टी की गई। थाना सदर पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *