लेबर चौक में गैंगवार, फायरिंग होने के बाद अफरा-तफरी मची

भास्कर न्यूज | लुधियाना महादेव नगर स्थित लेबर चौक सोमवार शाम अचानक जंग के मैदान में बदल गया, जब करीब 25 युवकों के दो गुटों ने सरेआम एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। छह मिनट तक चले इस खूनी टकराव में पथराव, तेजधार हथियारों की नुमाइश और कथित फायरिंग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बाजार में मौजूद आम लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाई गई वीडियो में साफ दिख रहा है कि हमलावर खुलेआम तलवारें, दातर और अन्य हथियार लहरा रहे हैं। एक युवक के हाथ में बंदूक जैसी वस्तु भी दिखाई दे रही है। वीडियो में गोलियों जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि मौके से खोल भी मिले हैं, हालांकि पुलिस ने अभी फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आस पास के लोगो के मुताबिक झगड़ा अचानक भड़का, लेकिन दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश बताई जा रही है। हमलावरों ने चेहरे कपड़ों से ढक रखे थे, जिससे पहचान छिपाई जा सके। हंगामे के दौरान दुकानों के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की गई। कुछ बदमाशों ने दुकानदारों की बाइकों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों ने फौरन शटर गिरा दिए। सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। साहनेवाल के एसएचओ अमृतपाल सिंह भी पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी। इलाके में फिलहाल पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *