लुधियाना| डाबा इलाके में सोमवार देर शाम एक हृदयविदारक हादसा हुआ, जहां सरकारी फ्लैट की चौथी मंजिल से गिरकर ‘काकू’ नामक युवक की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब काकू छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गया था। अचानक तेज आवाज सुनकर जब परिजन बाहर दौड़े, तो उन्होंने उसे जमीन पर लहूलुहान पाया। घायल युवक को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां राजेश्वरी और आठ महीने पहले ब्याही पत्नी ज्योति ने बताया कि वह काम से लौटने के बाद थोड़ा चुप और नाराज लग रहा था। इस अचानक हुई मौत से परिवार में मातम छा गया है और इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर थाना डाबा की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएचओ के अनुसार, पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।


