प्रश्न पत्र सही, सब्जेक्ट कोड में गलती:पॉलिटेक्निक की 5वें सेमेस्टर की परीक्षा में बांटा बीटेक का प्रश्नपत्र

झारखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी (जेयूटी) के अंतर्गत संचालित विभिन्न पॉलिटेक्निक कॉलेजों में डिप्लोमा 5वें सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र से जुड़ी गड़बड़ी सामने आई है। डिप्लोमा परीक्षा में शामिल 4 हजार छात्रों को संबंधित विषय का सही प्रश्नपत्र नहीं मिला। प्रश्नपत्र पर बीटेक से जुड़े सब्जेक्ट कोड और विवरण अंकित पाए गए। यह परीक्षा राज्य के 12 केंद्रों पर एक साथ आयोजित की जा रही थी। जानकारी के अनुसार डिप्लोमा 5वें सेमेस्टर में नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकी (Renewable Energy Technology) की परीक्षा 30 जनवरी को आयोजित की गई थी। विषय का निर्धारित सब्जेक्ट कोड EEEPE502 है। हालांकि प्रश्नपत्र पर जो कोड प्रकाशित था, वे परीक्षा रूटीन से मेल नहीं खाते थे। प्रश्नपत्र पर CSEPE 504, AIMPE 504, CCBPE 504, CEIPE 504, CSIC 501 और ECEOE 501 कोड अंकित था। ये कोड डिप्लोमा पाठ्यक्रम से संबंधित नहीं हैं। 30 जनवरी को परीक्षा शुरू होने से पहले, जब प्रश्नपत्र छात्रों को बांटे गए, तब गड़बड़ी की जानकारी मिली। कुछ परीक्षा केंद्रों पर छात्रों ने प्रश्नपत्र में अंतर होने की बात केंद्राधीक्षक को बताई। इसके बाद केंद्रों की ओर से यूनिवर्सिटी प्रशासन को सूचना दी गई। छात्रों को परीक्षा देने के लिए कहा गया और यह बताया गया कि इस संबंध में निर्णय यूनिवर्सिटी स्तर से लिया जाएगा। गड़बड़ी के बाद मॉडरेशन प्रक्रिया पर सवाल परीक्षा में शामिल कुछ छात्रों ने बताया कि प्रश्नपत्र में पूछे गए कई प्रश्न पाठ्यक्रम से अलग प्रतीत हो रहे थे। छात्रों के अनुसार, विषयवस्तु अपेक्षाकृत उच्च स्तर की थी। इस कारण परीक्षा के दौरान छात्रों को प्रश्न समझने में कठिनाई हुई। परीक्षा से जुड़े शिक्षकों ने बताया कि प्रश्नपत्र तैयार होने के बाद उसका मॉडरेशन किया जाता है। मॉडरेशन के दौरान विषय, सब्जेक्ट कोड और पाठ्यक्रम से संबंधित बिंदुओं की जांच की जाती है। इस मामले में प्रश्नपत्र में अंतर पाए जाने के बाद मॉडरेशन प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *