लुटेरी महिलाओं ने पर्स काट कैश उड़ाया, ग्राहक बन आए युवक-युवती ने शॉप से चुराया आईफोन

भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर के प्रमुख बाजारों में शातिर चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। मोबाइल मार्केट से लेकर कपड़ा बाजार तक चोर ग्राहक बनकर दुकानों में घुस रहे हैं और ध्यान भटकाकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला माता रानी चौक स्थित मोबाइल मार्केट का है, जहां एक युवक और युवती ने आईफोन चोरी कर लिया, वहीं गउशाला रोड इलाके में लुटेरी महिलाओं के गिरोह ने महिला ग्राहक का पर्स काटकर नकदी उड़ा ली। लगातार सामने आ रही घटनाओं से दुकानदारों और ग्राहकों में दहशत का माहौल है। माता रानी चौक स्थित मोबाइल मार्केट में खरीदारी के बहाने आए एक युवक और युवती ने शातिराना अंदाज में दुकानदार को झांसा देकर महंगा मोबाइल फोन चोरी कर लिया। वारदात 1 फरवरी की शाम की बताई जा रही है। दुकान संचालक सोनू ने बताया कि वह अपने साथी के साथ दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान एक युवक और युवती ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए और उन्होंने आईफोन-13 दिखाने की मांग की। फोन देखने के बाद दोनों ने उसे पसंद करने का नाटक किया और फिर एंड्रॉयड फोन देखने की बात कही। जैसे ही दुकानदार दूसरा फोन निकालने के लिए काउंटर से दूसरी तरफ मुड़ा, तभी युवक ने मौके का फायदा उठाते हुए काउंटर पर रखा आईफोन फुर्ती से उठाकर अपनी जेब में डाल लिया। इस दौरान उसके साथ आई युवती दुकानदार को बातों में उलझाए रखती रही, ताकि उसका ध्यान भटक जाए। सीसीटीवी फुटेज में भी साफ दिख रहा है कि चोरी से पहले दोनों कुछ देर दुकान के बाहर खड़े होकर मोबाइल फोन देखते हैं और फिर अंदर आते हैं। फोन जेब में रखने के बाद युवक ने अपनी साथी को इशारा किया और दोनों यह कहकर दुकान से बाहर निकल गए कि वे बाद में आकर फोन लेंगे। कुछ देर बाद जब दुकानदार ने काउंटर पर रखे फोन समेटे तो एक मोबाइल कम मिला। गिनती करने पर पता चला कि आईफोन-13 गायब है। पीड़ित दुकानदार ने घटना की सूचना थाना डिवीजन-1 की पुलिस को दी। शहर के प्रमुख बाजारों में इन दिनों लुटेरी महिलाओं का एक गिरोह सक्रिय है, जो भीड़भाड़ वाले इलाकों में ग्राहक बनकर दुकानों में घुसती हैं और मौका देखकर दूसरे ग्राहकों का पर्स काट लेती हैं। कई दुकानों में हुई चोरी की घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं, लेकिन आरोपी महिलाएं अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। गउशाला रोड स्थित दुकानदार अजय कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मार्केट में संदिग्ध महिलाएं घूमती नजर आ रही हैं। ये महिलाएं पूरी रणनीति के तहत वारदात को अंजाम देती हैं। अजय कुमार के अनुसार हाल ही में उनकी दुकान पर कपड़े खरीद रही एक महिला को निशाना बनाया गया। इसी दौरान दो संदिग्ध महिलाएं वहां पहुंचीं। एक महिला ग्राहक के पास खड़ी होकर कपड़े देखने का नाटक करने लगी, जबकि दूसरी ने सामने से कपड़े का पीस उठाकर पर्स को ढक दिया। इसी बीच ब्लेड से पर्स काटकर उसमें रखी नकदी निकाल ली गई। पीड़ित महिला को चोरी का पता तब चला, जब वह बिल चुकाने के लिए पर्स निकालने लगी। सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पूरी वारदात साफ नजर आई, जिसमें दोनों महिलाएं मिलकर चोरी करती दिखाई दे रही हैं। पीड़ित महिला ने बताया कि उसके पर्स में करीब सात हजार रुपये रखे थे, जो चोरी हो गए। दुकानदारों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे बाजार में असुरक्षा का माहौल बन गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *