भास्कर न्यूज | लुधियाना पुलिस ने छात्रों की सुरक्षा और इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार को किचलू नगर स्थित बीवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बाहर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा के दिशा-निर्देशों पर चलाया गया। कार्रवाई की अगुवाई एडीसीपी ट्रैफिक गुरप्रीत कौर पुरेवाल ने ट्रैफिक पुलिस की टीमों के साथ मिलकर की। स्कूल छुट्टी के समय के आसपास इलाके में विशेष निगरानी रखी गई ताकि छात्र-छात्राओं को सुरक्षित माहौल मिल सके। अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। कुल 43 चालान काटे गए, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले 2 वाहनों को जब्त भी किया गया। बिना हेलमेट, गलत पार्किंग और दस्तावेज पूरे न होने जैसे मामलों पर तुरंत कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने स्कूल के बाहर बेवजह खड़े युवकों से पूछताछ की और संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों को सख्त चेतावनी दी। खास तौर पर छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एंटी-ईव टीजिंग पर नजर रखी गई। मोटरसाइकिलों में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर, जो पटाखों जैसी तेज आवाज करते हैं, उनकी भी जांच की गई। ऐसे वाहन चालकों को रोका गया और नियमों के मुताबिक कार्रवाई की गई, क्योंकि इस तरह की आवाजें स्कूल के शैक्षणिक माहौल को प्रभावित करती हैं। स्कूल के बाहर खड़े रेहड़ी-फड़ी वालों की भी तलाशी ली गई। पुलिस ने यह सुनिश्चित किया कि किसी भी तरह की नशीली या अवैध वस्तु छात्रों तक न पहुंच रही हो। एडीसीपी ट्रैफिक गुरप्रीत कौर पुरेवाल ने कहा कि पुलिस का मकसद छात्रों को सुरक्षित और निडर वातावरण देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के अचानक चेकिंग अभियान आगे भी शहर के अन्य शिक्षण संस्थानों के बाहर जारी रहेंगे। पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर देने की अपील की है।


