भास्कर न्यूज | अमृतसर एनआरएमयू वर्कशाप ब्रांच ने गेट नंबर 1 पर रैली करके अखिल भारतीय मांग दिवस मनाया। एआईआरएफ/एआरएमयू के महामंत्री कामरेड शिव गोपाल मिश्र, के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में रेलवे कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। ब्रांच अध्यक्ष अध्यक्ष कामरेड कुलबीर सिंह ने कहा कि रेल कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो यूनियन को संघर्ष तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। शाखा सचिव कामरेड राजीव कुमार शर्मा ने अखिल भारतीय मांग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कर्मचारियों से एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने सरकार एवं रेल प्रशासन से मांग की कि कैडर रीस्ट्रक्चरिंग को 1 नवंबर 2023 से लागू किया जाए, 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप नया वेतनमान 1 जनवरी 2026 से लागू किया जाए, बोनस भुगतान में न्यूनतम वेतन 7000 रुपए की सीमा हटाई जाए तथा सभी श्रेणियों के कर्मचारियों को जोखिम एवं हार्डशिप भत्ता प्रदान किया जाए। सभा में एमएसीपी के तहत लेवल–8 एवं लेवल–9 का लाभ सुनिश्चित करने, पास/पीटीओ में माता–पिता को शामिल करने, रेलवे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, रिक्त पदों को शीघ्र भरने, आउटसोर्सिंग एवं निजीकरण पर रोक लगाने तथा क्षेत्रीय स्तर पर स्वीकृत इन्सेंटिव में कटौती न करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।


