शहर में गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे

भास्कर न्यूज | जालंधर दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान एवं श्री गीता मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में श्री गीता मंदिर, अर्बन एस्टेट फेज-1 में आयोजित होने जा रही भगवान शिव कथा के उपलक्ष्य में भव्य कलश एवं शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। इस अवसर पर गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज की शिष्य स्वामी सज्जनानंद ने बताया कि भगवान शिव कथा का आयोजन मंगलवार 3 फरवरी से शनिवार 7 फरवरी तक प्रतिदिन सायं 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक किया जाएगा। कथा वाचन हेतु साध्वी मेधावी भारती पधार रही हैं। कलश एवं शोभा यात्रा का शुभारंभ कथा स्थल श्री गीता मंदिर से हुआ, जो अर्बन एस्टेट फेज-1 के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः कथा स्थल पर संपन्न हुई। जालंधर शाखा प्रमुख साध्वी पल्लवी भारती ने बताया कि 251 सौभाग्यशाली महिलाओं ने पीत वस्त्र धारण कर अपने शीश पर कलश रखकर विश्व मंगल की कामना हेतु नगर परिक्रमा की। कलश यात्रा से पूर्व स्वामी सज्जनानंद, राजविंदर कौर थिआड़ा क्षेत्र इंचार्ज कैंट, साध्वी पल्लवी भारती, साध्वी शशि प्रभा भारती, साध्वी त्रिनयना भारती, साध्वी वसुधा भारती, साध्वी सुखदीप भारती, श्री गीता मंदिर प्रधान राजेश अग्रवाल एवं स्त्री सत्संग सभा की मंडली द्वारा विधिवत पूजन कर यात्रा को रवाना किया गया। भगवान शिव जी की सुंदर पालकी में ज्योति प्रज्वलित कर एवं नारियल फोड़कर यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। लंगर, जल एवं प्रसाद के स्टॉल्स लगाए गए। स्वामी जी ने बताया कि कलश यात्रा में ब्रह्मा, विष्णु और महेश सहित देवी-देवताओं का वास माना जाता है तथा कलश धारण करने से आत्मा शुद्ध व निर्मल होती है। कथा के लिए सुंदर पंडाल सज चुका है। इस अवसर पर महेंद्र प्रताप, अनुराग अग्रवाल, नरगिस बत्रा, अंशुमन पुरी, विजय गुप्ता, योगेश सूरी, सतीश रहेजा, एएल धवन, विनय सलूजा, मोती सागर, संजीव शर्मा, कमल, वरिंदर भगत उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *