भास्कर न्यूज | जालंधर श्री बाबा गज्जा जी जैन भवन, जालंधर कुंज में बरड़ कुल देव श्री बाबा गज्जा जी का सातवां ध्वजारोहण समारोह अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। बाबा जी के जयकारों, बैंड व ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भव्य प्रवेश हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री गणेश जी एवं मां सरस्वती की वंदना तथा महामंत्र नवकार के सात बार सामूहिक उच्चारण से की गई। ध्वजारोहण की सेवा का सौभाग्य मेघ जैन, नीतिका जैन, मास्टर उमंग जैन एवं मास्टर रियांश जैन को प्राप्त हुआ। बाबा जी के जयकारों के साथ श्रद्धापूर्वक ध्वजारोहण संपन्न हुआ। मंच संचालन महामंत्री करण जैन एवं मंत्री विनीत जैन ने किया। इस मौके प्रबंधकों ने बताया कि मान्यता है कि भारत विभाजन के पश्चात जब बरड़ कुलजन बाबा जी का पलंग पाकिस्तान स्थित पपनाखा से भारत लाने लगे तो आकाशवाणी हुई, ‘मैनूं मेरे मित्तर बुल्ले कोल ही रैहन देयो, तुसीं इत्थों कुछ मिट्टी ते इट्टां ले जाओ, मैं ओथे भी तुहाडे अंग-संग रवांगा।’ आज भी पूरे भारतवर्ष में जहाँ-जहाँ बरड़ कुलदेव श्री बाबा गज्जा जी की पूजा होती है, वहां-वहां बाबा बुल्ले शाह जी का स्थान भी बनाया जाता है। इस अवसर पर भाई सौरभ जैन (लुधियाना) ने अपने मधुर भजनों से संगत को भाव-विभोर कर दिया। समारोह में समस्त बरड़ परिवार ने एकजुट होकर भाग लिया। लक्की ड्रॉ के रूप में गुप्त सहयोग से तीन स्वर्ण सिक्के निकाले गए, जबकि समय निष्ठता पुरस्कार स्वरूप बाबा जी की फोटो वाले छह चांदी के सिक्के कैशियर दीपक, रोहित एवं परिवार द्वारा प्रदान किए गए। प्रभावना का लाभ चेयरमैन विजय कुमार जैन, अभिषेक जैन, ईशा जैन एवं परिवार ने लिया। फल पूजन गुलशन जैन, करण जैन, श्वेता जैन, विक्रम जैन व श्रुति जैन ने कराया। नैवेद्य पूजन राकेश जैन, नरेंद्र जैन, नरेश जैन व सह-कोषाध्यक्ष प्रद्युम्न जैन ने किया। पतासे का लाभ शांति लाल, पवन कुमार व सतपाल जैन परिवार को प्राप्त हुआ। अंत में प्रधान राजेश जैन ने अतिथियों व श्रद्धालुओं का आभार जताया। इस अवसर पर सह-चेयरमैन रमन, वरिष्ठ उप-प्रधान अभय, पूर्व प्रधान अनिल, कोषाध्यक्ष दीपक जैन, चेयरमैन अनूप, विपिन चंद्र, संजय, अजय, सुमती, चंदर मोहन, राजेश सहित कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।


