बरेली से एक बहन की भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई। पोस्टमार्टम हाउस की इस एक तस्वीर ने सबको रुला दिया। बहन ने भाई के हाथ पर राखी तो बांधी मगर उसके बेजान हाथ अब कभी आशिर्वाद देने के लिए नहीं उठ सकेंगे। भाई की कलाई पर राखी बांधते हुए रोते हुए बहन बोली- भैया…उठो भैया। अब मैं किसके हाथों में राखी बांधूंगी, मुझे कौन देखेगा। मुझे आशिर्वाद कौन देगा। तुम मेरे रक्षक थे, ऐसे कैसे छोड़कर जा सकते हो, उठो भइया…यह कहते हुए बहन शव पर बेसुध होकर गिर गई। वहां मौजूद लोगों ने बहन को संभाला। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गई। देखिए 4 तस्वीरें… पहले पढ़िए पूरा मामला
कानपुर के थाना गोविंद नगर निवासी सतीश चन्द्र शर्मा उतराखंड के थाना रूद्रपुर स्थित गणेश इको स्पेयर लिमिटेड कंपनी में काम करते थे। गुरुवार को वह कार से अपने दोस्तों जय चन्द्र पुत्र रामेश्वर निवासी ग्राम हरपुर थाना बदरिया जिला सिवान बिहार, अनिल गुप्ता निवासी फाजलपुर महरोला कोतवाली रुद्रपुर ज़िला उधमसिंह नगर और जोगेंद्र निवासी ग्राम बेड़ी थाना रूद्रपुर के साथ बरेली के फतेहगंज पश्चिमी आए थे। यह लोग शादी समारोह से वापस घर जा रहे थे। रात करीब 12:30 बजे शीशगढ़ धनेटा मार्ग पर गांव बूंची के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराते हुए सड़क किनारे साइड में खड़ी मिक्चर मशीन से टकरा गई। हादसे में सभी घायल हो गए। पुलिस ने चारों घायलों को फतेहगंज पश्चिमी सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टर ने सतीश चन्द्र शर्मा, जयचंद्र, अनिल गुप्ता सहित तीनों को मृत घोषित कर दिया। साथ ही घायल जोगेंद्र को बरेली रेफर कर दिया। आधार कार्ड से शिनाख्त कर पुलिस ने परिजनों को हादसे के बारे में सूचना दी। शुक्रवार शाम अनिल की दिल्ली से बहन पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। यहां भाई के शव को देखकर वह बेसुध हो गईं। उसे मां और पिता ने संभाला। हर किसी को पता था कि वह अब कभी नहीं लौटेगा और न ही बोलेगा। मगर बहन तो बहन है। उसने भाई की कलाई में राखी बांध दी। रोते हुए बोली- भैया ये राखी आपके लिए बड़े प्यार से खरीदी थी, मगर इस साल रक्षाबंधन में तुम्हें बांध न सकी। अब ये बांध रहीं हूं और वह फफक फफक कर रोने लगी। शव के पास सिसकती बहन ने हर किसी का दिल चीरकर रख दिया। ……………… हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें- शादी के 12 घंटे बाद दूल्हे की मौत:बरेली में कार ट्रक में घुसी; खबर सुनकर दुल्हन बेहोश होकर गिरी बरेली में शादी के 12 घंटे बाद सड़क हादसे में दूल्हे की मौत हो गई। वह दोस्तों और रिश्तेदार के साथ मिठाई लेने जा रहा था। ढाबे के पास खड़े ट्रक से उनकी कार टकरा गई। कार में बैठे 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में मातम छा गया। दुल्हन बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी। दूल्हे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसा इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुआ। पढ़ें पूरी खबर


