सक्ती जिले में पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने प्रतिबंधित कोडीन युक्त आनरेक्स कफ सिरप के अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है। साथ ही 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 94 शीशी नशीली सिरप, कार और बाइक जब्त की गई है। जांच में पता चला है कि कोडीन युक्त कफ सिरप का निर्माण हिमाचल प्रदेश की फार्मास्यूटिकल फैक्ट्रियों में वैध मेडिकल उपयोग के नाम पर किया जा रहा था। बाद में इस सिरप को ओडिशा के रास्ते छत्तीसगढ़ लाकर नशे के लिए बेचा जा रहा था। मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है। सूचना पर घेराबंदी की दरअसल, सोमवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि घरघोड़ा के रहने वाले ध्वजा राम कुर्रे और कृष्ण कुमार डडसेना कार से नशीली सिरप लेकर आ रहे हैं। जबकि अड़भार के रहने वाले सिकंदर गबेल (28) और कृष्ण कुमार जांगड़े बाइक से यह खेप लेने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने खरसिया-अड़भार रोड पर घेराबंदी की और दोनों वाहनों को रोका। तलाशी लेने पर 94 नग आनरेक्स कफ सिरप (कुल 9 लीटर 400) बरामद हुई। पुलिस ने कार (CG 13 BF 3626) और बाइक को जब्त करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। वाहनों को राजसात किया जाएगा एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि यह कार्रवाई केवल ड्रग्स की बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगी। जब्त किए गए वाहनों को राजसात कर उनकी नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी जांच का दायरा बढ़ाया जाएगा। नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है। यह एक पूरी सप्लाई चेन है, जिसकी एंड-टू-एंड जांच की जाएगी। 200 की सिरप 500 रुपए तक में बेची जा रही
जांच में यह भी सामने आया है कि करीब 200 रुपए कीमत वाली सिरप को नशे के आदी युवाओं को 500 रुपए या उससे अधिक में बेचा जा रहा था। पुलिस के अनुसार, मात्र 10-20 मिली की मात्रा से ही व्यक्ति घंटों सुस्त और अचेत-सा रहता है, जिससे यह सिरप नशेड़ियों में तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
ग्रामीण इलाकों में कमजोर निगरानी का उठा रहे लाभ एसपी ने बताया कि ओडिशा के कुछ ग्रामीण और दूरदराज इलाकों में निगरानी कमजोर होने का फायदा उठाकर गिरोह वहां थोक में स्टॉक जमा करता था। इसके बाद छोटे लॉट बनाकर बाइक और कार के जरिए खरसिया, अड़भार रोड, पोता और आसपास के गांवों में सप्लाई की जा रही थी।
फिलहाल, पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।


