डीग जिले की कामां थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगों के गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 6 शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 1 नाबालिग को डिटेन किया है।
कामां थाना प्रभारी ने बताया कि साइबर पोर्टल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ठगों की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया। पकड़े गए सभी आरोपियों के कब्जे से 7 एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग वे ऑनलाइन धोखाधड़ी के लिए करते थे। ये ठग पुलिस की रडार से बचने के लिए गांव अकबरपुर की पहाड़ियों में छिपकर ऑनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस के अनुसार, इन ठगों ने अभी तक देश के कई राज्यों के लोगों को अपना शिकार बनाया है। प्रत्येक आरोपी कई लाख रुपए की ठगी कर चुका है। पुलिस पकड़े गए सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। उनकी बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में कितने अन्य सदस्य शामिल हैं और उन्होंने कुल कितनी ठगी की है। फिलहाल, सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।


