धौलपुर में विशेष खाद्य सुरक्षा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य खाद्य पदार्थों के व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसी कड़ी में सैंपऊ में आयोजित शिविर में 54 खाद्य लाइसेंस जारी किए गए। सीएमएचओ डॉ. धर्मसिंह मीणा ने बताया कि जिले में 14 फरवरी तक खाद्य व्यापारियों के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों का लक्ष्य अधिक से अधिक व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन प्राप्त करने में सहायता करना है।
इन शिविरों में खाद्य सामग्री विक्रेता, किराना एवं परचून व्यापारी, दूध विक्रेता, डेयरी चिलर संचालक, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालक, चाट-ठेला एवं मिठाई विक्रेता, कैटरिंग सर्विसेज, तेल मिल संचालक, फल-सब्जी विक्रेता तथा अनाज के थोक एवं खुदरा व्यापारी लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन कर सकते हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार ने बताया कि खाद्य पदार्थों के व्यापार में संलग्न सभी व्यापारियों के लिए लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस अथवा रजिस्ट्रेशन के खाद्य कारोबार करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।


