झालावाड़ एसपी ने मूक-बधिर बच्चों से संवाद किया:जमीन पर बैठकर सांकेतिक भाषा में सीखा अपना नाम

झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने झालरापाटन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मूक-बधिर बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर उनकी ही सांकेतिक भाषा में संवाद किया। 28 जनवरी को भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा अनावरण समारोह के दौरान ऐसा हुआ। इस पूरे मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है। कार्यक्रम में मौजूद मूक-बधिर बच्चों को देखकर एसपी अपने पद और प्रोटोकॉल की परवाह किए बिना उनके बीच जमीन पर ही बैठ गए। वीडियो में एसपी बच्चों के साथ आत्मीयता से घुलते-मिलते दिखाई दे रहे हैं। बच्चों ने पहले सांकेतिक भाषा में अपना परिचय दिया। इसके बाद एसपी ने बच्चों से पूछा कि उनका नाम (अमित कुमार) और उनका पद संकेतों में कैसे बताया जाएगा। बच्चों ने उत्साह के साथ उन्हें ‘नेम प्लेट’ पढ़कर संकेतों में नाम सिखाया। एसपी ने भी एक विद्यार्थी की तरह तुरंत उन संकेतों को सीखा और दोहराया। इस संबंध में सरस्वती आवासीय मूक-बधिर विद्यालय के संचालक संजय शर्मा ने बताया कि एसपी अमित कुमार के बच्चों के साथ सांकेतिक भाषा में संवाद करने से बच्चे काफी उत्साहित हुए। इस आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शामिल हुई थीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *