केंद्र सरकार के 100 वेटलैंड्स में पंजाब के पांच स्थान हुए शामिल हैं। इनमें हरिके, रोपड़, काजली, केशोपुर और नंगल का नाम शामिल हैं। वहीं, छत्तबीड़ जू में शेर सफारी में मांसाहारी जानवरों के लिए एक महत्वपूर्ण देखभाल केंद्र बनाया गया है। पर्यटकों खासतौर पर स्कूली बच्चों की सुविधा के लिए एक ओपन-एयर ज़ू एजुकेशन प्लाजा भी तैयार किया गया है। यह दावा पंजाब के वन एवं वन्य जीव सुरक्षा मंत्री लाल चंद कटारूचक ने किया। उन्होंने बताया इसके अलावा पंजाब सरकार द्वारा कई प्रयास किए जा रहे हैं। जू की सुरक्षा मजबूत, सोलर एनर्जी पर फोकस छतबीड़ जू में अब कोई भी व्यक्ति जानवरों तक नहीं पहुंच पाएगा। 2021 में हुई घटना से सबक लेते हुए सरकार ने चारदीवारी को भी मजबूत किया है। जू के लगभग 1200 मीटर के वाइल्डलाइफ सफारी क्षेत्र में 260 केवी क्षमता वाला सोलर प्लांट स्थापित किया गया है। ताकि जानवराें के लिए लगाए जाने वाले हिटर, ब्लोअर, कूलर व पंखों को बिना किसी रुकावट से बिजली मिल पाए। याद रहे साल 2021 में एक युवक 21 फुट ऊंची दीवार फांदकर लायन सफारी तक पहुंच गया था। जहां युवक को शेरों ने अपना शिकार बना दिया था। डॉल्फिन है पंजाब का राज्य जीव पंजाब सरकार द्वारा इंडस रिवर डॉल्फिन को 2019 में पंजाब का राज्य जलीय जीव घोषित किया गया। पता चला है कि इनकी संख्या भी बढ़ रही हैं। वहीं, कोई इन्हें नुकसान न पहुंचा पाए। इसके लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा वन्य जीव रिहायशी एरिया तक न पहुंच पाए, इसके लिए भी सरकार प्रयास कर रही है। कई इलाकों में कंटीली तार लगाने के प्रोजेक्ट पर काम शुरू हाे गया है।


