श्रीगंगानगर में महिला के लगाया गलत इंजेक्शन,मौत:परिजनों का आरोप- मेडिकल संचालक ने बिना नर्सिंग स्टाफ के लगाया इंजेक्शन

श्रीगंगानगर जिले में गलत इंजेक्शन लगाने से एक महिला की मौत हो गई। आरोप है कि मेडिकल संचालक ने बिना किसी नर्सिंग स्टाफ के महिला को इंजेक्शन लगा दिया। जिसके बाद महिला की तबियत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। मामला रायसिंहनगर थाना क्षेत्र का है। एसीजेएम कोर्ट, रायसिंहनगर में दी शिकायत में शिकायतकर्ता बलवीर सिंह निवासी 9 टीके, रायसिंहनगर ने बताया- उनकी पत्नी बलवीरी कौर 29 अक्टूबर को खेत में काम कर रही थीं। तभी उन्हें तेज बुखार आ गया। शाम करीब 4:30 बजे परिवार वाले उन्हें राजू सिंगल नर्सिंग होम के पास स्थित दीपक मेडिकल स्टोर पर ले गए। वहां मेडिकल संचालक अमित कुमार मौजूद था। अमित कुमार ने बुखार की दवा मांगने पर दवा देने के बजाय सीधे इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही महिला को घबराहट होने लगी। वह मेज से उठकर चलने लगीं तो वहीं गिर पड़ीं। मुंह से झाग निकलने लगा और हालत बिगड़ गई। परिवार वालों ने उन्हें तुरंत ई-रिक्शा से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद बलवीर, उनका पुत्र काका सिंह, हरी सिंह और परिजन दीपक मेडिकल स्टोर पर पहुंचे। जहां अमित ने मना कर दिया कि उसने कोई इंजेक्शन नहीं लगाया। अमित ने कहा- अगर महिला को इंजेक्शन लगाया है तो बिल दिखाओ या इंजेक्शन का नाम बताओ। इतना ही नहीं, उसने यह भी कहा कि इंजेक्शन का कवर नाली में फेंक दिया है और अब उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। फिलहाल कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *