गिरिडीह महापौर चुनाव: डॉ शैलेन्द्र चौधरी ने किया नामांकन:प्रत्याशी ने विकास और स्वच्छ शहर का संकल्प लिया, समर्थकों के साथ दिखाया दम

गिरिडीह नगर निगम के महापौर पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी डॉ. शैलेन्द्र चौधरी ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने अपर समाहर्ता विजय सिंह बिरुवा के समक्ष समाहरणालय परिसर में पर्चा प्रस्तुत किया। नामांकन के दौरान समाहरणालय परिसर और आसपास का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक डॉ. चौधरी के साथ पहुंचे और नारेबाजी करते हुए शक्ति प्रदर्शन किया। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पुलिस बल की तैनाती के कारण किसी तरह की अव्यवस्था नहीं हुई और नामांकन तय समय पर पूरा हो गया। भाजपा नेताओं की मौजूदगी, जीत का जताया भरोसा नामांकन के मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष रंजीत राय, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष महादेव दुब्बे सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने डॉ. शैलेन्द्र चौधरी को फूल-मालाओं से स्वागत किया और जीत की शुभकामनाएं दीं। भाजपा नेताओं ने कहा कि डॉ. चौधरी एक शिक्षित, सरल और विकास को लेकर स्पष्ट सोच रखने वाले प्रत्याशी हैं, जिनके नेतृत्व में गिरिडीह नगर निगम को नई दिशा मिलेगी। नामांकन के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने चुनाव में पूरी ताकत झोंकने का संकल्प दोहराया। विकास और पारदर्शिता को बनाया मुद्दा नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. शैलेन्द्र चौधरी ने कहा कि वे भाजपा के समर्थन से चुनाव मैदान में उतरे हैं और नगर के सर्वांगीण विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएंगे। उन्होंने कहा कि गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, बेहतर सड़कें, जल निकासी की समस्या का समाधान, स्ट्रीट लाइट, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार उनके एजेंडे में शामिल है। डॉ. चौधरी ने नगर निगम में पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त व्यवस्था स्थापित करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर वार्ड तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आश्वासन दिया। साथ ही महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों के हित में विशेष योजनाएं लागू करने की बात कही। डॉ. शैलेन्द्र चौधरी ने गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र की जनता से एक मजबूत, स्वच्छ और विकसित गिरिडीह के निर्माण के लिए समर्थन और आशीर्वाद की अपील की और विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से गिरिडीह विकास के नए मुकाम को छुएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *