433 कार्टून अवैध शराब, 8 लाख नकद बरामद:बोकारो के बालीडीह में तीन तस्कर गिरफ्तार, गुप्त सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

बोकारो जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब, 8 लाख रुपये नकद और अन्य सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक बोकारो को गुप्त सूचना मिली थी कि बोकारो की ओर से आ रहे एक ट्रक में अवैध शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर बालीडीह थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पूरी योजना के तहत ट्रक की निगरानी शुरू की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। 418 कार्टून शराब, दो वाहन और नकदी जब्त 2 फरवरी 2026 की रात छापामारी दल ने बालीडीह थाना क्षेत्र में संदिग्ध ट्रक को रोका और उसकी सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से 418 कार्टून अवैध विदेशी शराब और 15 पेटी एएनपी प्रीमियम व्हिस्की बरामद की गई। इसके अलावा मौके से 8 लाख रुपए नकद भी जब्त किए गए, जिसे अवैध शराब बिक्री से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन (संख्या JH01EZ-2272) और एक हाईवा ट्रक (संख्या JH09AY-3875) को भी जब्त किया है। मौके से बालीडीह थाना क्षेत्र निवासी विनोद गोस्वामी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में शराब की तस्करी में इनके संलिप्त होने की पुष्टि हुई है। तस्करों का पूर्व आपराधिक इतिहास, नेटवर्क की तलाश जारी पुलिस ने इस मामले में बालीडीह थाना कांड संख्या 130/2026, दिनांक 03 फरवरी 2026 के तहत झारखंड उत्पाद अधिनियम 2015 की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ पहले भी उत्पाद अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। छापामारी दल में बालीडीह और जरीडीह थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस अब इस अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छानबीन कर रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर किसी भी हाल में सख्ती जारी रहेगी और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *