भारतीय डाक विभाग के डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजनाओं के तहत झालावाड़ डाक मंडल ने एक विशेष अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस सफलता के परिणामस्वरूप, झालावाड़ डाक मंडल को जनवरी 2026 में ‘करोड़पति मंडल’ के रूप में चयनित किया गया है। राजस्थान दक्षिणी क्षेत्र (अजमेर) के पोस्टमास्टर जनरल बी.एल. सोनल ने वित्तीय सशक्तिकरण और सुरक्षित भविष्य के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की थी। झालावाड़ डाक मंडल ने निर्धारित समय-सीमा में एक करोड़ रुपये का नया प्रीमियम अर्जित करने का लक्ष्य पूरा किया। अधीक्षक डाकघर प्रदीप कुमार जैन ने बताया कि जनवरी 2026 के दौरान 1000 से अधिक परिवारों को डाक जीवन बीमा योजनाओं से जोड़ा गया। इसके माध्यम से कुल 40 करोड़ 54 लाख रुपए का बीमा कवर प्रदान किया गया है।
यह उपलब्धि आमजन में डाक विभाग की बीमा योजनाओं के प्रति बढ़ते विश्वास और आर्थिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डाक जीवन बीमा योजनाओं की प्रमुख विशेषताओं में अन्य बीमा योजनाओं की तुलना में कम प्रीमियम पर उच्चतम बोनस दर, भारत सरकार द्वारा गारंटीकृत पूर्ण सुरक्षा और आयकर अधिनियम की धारा 80सी के तहत प्रीमियम भुगतान पर कर में छूट शामिल है।
इसके अलावा पॉलिसी के 3-4 वर्ष पूरे होने पर आसान ऋण सुविधा और ऑनलाइन प्रीमियम भुगतान एवं अग्रिम जमा पर विशेष छूट जैसी डिजिटल सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। ये योजनाएं निजी बीमा कंपनियों की तुलना में कम प्रीमियम पर अधिक बीमा राशि का लाभ प्रदान करती हैं, जिससे ये मध्यम वर्ग और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही हैं।


