भास्कर न्यूज | राजनांदगांव जिले में बोर्ड परीक्षा के नतीजों में सुधार लाने प्रयास जारी है। इसी क्रम में सोमवार से ग्राम बरगा में होनहार बच्चों की एक्स्ट्रा क्लासेस शुरू कर दी गई है। तिमाही, छमाही, प्री बोर्ड परीक्षा में 70-80 प्रतिशत अंक लाने 100 होनहार बच्चों का पहले चयन किया गया था। अब इसमें 25 और बढ़ा कर 150 की क्षमता वाले बरगा स्कूल भवन में 125 होनहार बच्चों का चयन किया गया है। सात दिवसीय क्लास में मुख्य बोर्ड परीक्षा के लिए तैयार करेंगे। दोनों कक्षाओं में 4-4 कुल 8 विषय विशेष शिक्षकों की और 2 पीटीआई की नियमित ड्यूटी लगाई है। डीईओ प्रवास कुमार सिंह बघेल ने सोमवार को क्लास के पहले दिन वहां का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बेहतर अंक लाने वाले और 25 बच्चों को शिक्षकों ने खोज निकाला है। उन बच्चों को क्लास में शामिल किया गया है। कक्षा 10वीं में गणित एवं अंग्रेजी विषय की तैयारी कराने बेहतर नतीजे देने वाले विषय विशेषज्ञों का चयन किया। रोज अलग-अलग 4 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं 12वीं में गणित, भौतिक और रसायन शास्त्र की तैयारी कराने 4 शिक्षकों की ड्यूटी लगी है। पहले दिन विशेषज्ञों ने दोनों क्लास के बच्चों को पढ़ाई कराई। बोर्ड की बैठक 4 को, 7 से बंटेगी गोपनीय सामग्री मुख्य बोर्ड की परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होगी। इसकी तैयारी के लिए 4 फरवरी को राजधानी में एक बैठक रखी गई है। इसमें जिले के केन्द्राध्यक्ष शामिल होंगे। उन्हें बोर्ड परीक्षा की नई गाइड लाइन की जानकारी दी जाएगी। इसमें परीक्षा से लेकर बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन सहित अन्य बिन्दुओं पर जानकारी देंगे। वहीं 7 फरवरी के बाद जिले में गोपनीय सामग्री का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। संकुलवार डोंगरगांव, छुरिया, डोंगरगांव के इलाकों के स्कूलों में पहले और आखरी में राजनांदगांव ब्लॉक की गोपनीय सामग्री और बच्चों को प्रवेश पत्र बंटेगा।


