राजस्थान बोर्ड एग्जाम के एडमिट कार्ड अपलोड:आज से भर सकेंगे ऑनलाइन सत्रांक, 5 फरवरी से शुरू होगा कंट्रोल रूम

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान ने बोर्ड परीक्षा-2026 के लिए उच्च माध्यमिक, वरिष्ठ उपाध्याय एवं माध्यमिक, प्रवेशिका, व्यावसायिक परीक्षा 12 फरवरी से शुरू होगी। इसके लिए प्रवेश पत्र बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। जिन्हें संबंधित स्कूल, अग्रेषण अधिकारी अपनी आईडी, पासवर्ड से डाउनलोड कर प्रवेश पत्रों की हार्ड कॉपी निकालकर प्रमाणीकरण के बाद संबंधित परीक्षाथियों को वितरित कर सकेंगे। नियमित परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र संबंधित शाला प्रधान तथा स्वयंपाठी परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र संबंधित अग्रेषण अधिकारी डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश पत्र बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। किसी प्रवेश पत्र पर परीक्षार्थी की फोटो मुद्रित नहीं होने अथवा अस्पष्ट या त्रुटिपूर्ण होने पर शाला प्रधान व अग्रेषण अधिकारी द्वारा परीक्षार्थी का सही फोटो लगवाकर प्रमाणित कर प्रवेश पत्र परीक्षार्थी को वितरित करना होगा। साथ ही बोर्ड कार्यालय में इसकी सूचना प्रेषित कर संशोधन करवाना होगा। परीक्षा समाप्ति पश्चात फोटो संशोधन पर विचार नहीं किया जाएगा। अयोग्य परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र वितरित करने पर समस्त जिम्मेदारी संबंधित शाला प्रधान की होगी। 5 फरवरी से प्रारंभ होगा कंट्रोल रूम बोर्ड परीक्षा-2026 के संचालन के लिए बोर्ड कार्यालय में 5 फरवरी से सुबह 6 बजे कंट्रोल रूम प्रारम्भ किया जाएगा, जो 11 मार्च तक कार्यरत रहेगा। परीक्षा संबंधी किसी भी शिकायत के लिए 0145-2632866, 2632867, 2632868 नम्बरों पर सम्पर्क किया जा सकेगा। शिकायतकर्ता टेलिफोन/मोबाइल नम्बर अवश्य नोट कराएं। कंट्रोल रूम में दर्ज शिकायत का क्रमांक अवश्य प्राप्त करें ताकि शिकायत की जानकारी प्राप्त की जा सके। बता दें कि 19 लाख 86 हजार 422 स्टूडेंट्स परीक्षा देंगे। दसवीं में 10 लाख 68 हजार 610 स्टूडेंट्स हैं, 12वीं में 90 हजार 572, वरिष्ठ उपाध्याय के 4123, प्रवेशिका के 7817 स्टूडेंट्स हैं। 6193 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। आज से भर सकेंगे बोर्ड परीक्षा के ऑनलाइन सत्रांक माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान की बोर्ड परीक्षा 2026 में उच्च माध्यमिक, माध्यमिक, वरिष्ठ उपाध्याय, प्रवेशिका एवं व्यावसायिक शिक्षा के नियमित परीक्षार्थियों के सत्रांक विद्यालयों द्वारा ऑनलाइन 3 फरवरी से 4 मार्च तक तक बोर्ड वेबसाइट पर भरे जाएंगे। सत्रांक भरने सम्बन्धित प्रक्रिया एवं निर्देश वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। सत्रांक अपलोड करने के पश्चात इसकी हार्ड कॉपी प्रिन्ट कर सुरक्षित रखनी होगी। बोर्ड को प्रेषित नहीं करें। निर्धारित अवधि तक सत्रांक नहीं भरने अथवा भरकर लॉक करने के पश्चात कोई त्रुटि सुधार करने के लिए 11 मार्च तक विलम्ब /संशोधन शुल्क 50 रुपए प्रति परीक्षार्थी (सम्पूर्ण विषय) अधिकतम 5 हजार रुपए प्रति विद्यालय प्रति परीक्षा एवं इसके पश्चात 18 मार्च तक दुगुने विलम्ब/संशोधन शुल्क 100 रुपए प्रति परीक्षार्थी (सम्पूर्ण विषय) अधिकतम 10 हजार रुपए प्रति विद्यालय प्रति परीक्षा ई-मित्र पर जमा करवाकर ऑनलाइन सत्रांक भरने/ संशोधन हो सकेगा। इसी प्रकार बोर्ड परीक्षा-2026 के लिए केन्द्र सामग्री यथा उपस्थिति पत्रक, बैठक व्यवस्था, नामांकों की नॉमिनल रोल, प्रश्न पत्र संख्यात्मक सारिणी ऑनलाइन अपलोड की जाएगी। जिसे संबंधित शालाएं, जिन्हें परीक्षा का केंद्र बनाया गया है, उनके शाला प्रधान नियुक्त केन्द्राधीक्षकों को सम्पूर्ण सामग्री मुद्रित कर अनिवार्यतः उपलब्ध कराएंगे

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *