होटल में कहासुनी, नशेड़ी ने लहराया कट्टा अकेला कांस्टेबल पकड़कर ले गया थाने

भास्कर न्यूज | भरतपुर मथुरा गेट थाना क्षेत्र स्थित एक निजी होटल बार में शराब के नशे में हुई कहासुनी के दौरान एक युवक ने खुलेआम कट्टा लहराया जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार होटल बार में बैठे युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते उग्र हो गया। इसी दौरान एक युवक ने सामने वाले युवक पर देशी कट्टा तानते हुए उसे डराने की कोशिश की, जिससे होटल में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी की पहचान गौरांश शर्मा पुत्र निवासी हथैनी, वर्तमान में प्रिंस नगर कॉलोनी निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था और मामूली कहासुनी के बाद उसने कट्टा निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा बरामद कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पुलिस का कहना है कि होटल बार में शांति भंग करने और अवैध हथियार रखने के आरोप में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। घटना के बाद होटल बार में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। समाचार लिखे जाने तक आरोपी पुलिस हिरासत में था और मामले की जांच जारी है। कट्टा लहराने की घटना में पुलिस कांस्टेबल की बहादुरी सामने आई है। मथुरा गेट थाने में तैनात कांस्टेबल संतोष सिविल ड्रेस में नियमित पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान वे उसी रास्ते से गुजर रहे थे, जहां निजी होटल बार में आरोपी द्वारा कट्टा लहराते हुए देखा। कांस्टेबल संतोष मौके पर पहुंचे तो देखा कि आरोपी गौरांश शर्मा शराब के नशे में कट्टा लहराते हुए हंगामा कर रहा है। सिविल ड्रेस में होने के कारण आरोपी उन्हें पुलिसकर्मी नहीं पहचान पाया और उल्टा कांस्टेबल संतोष पर ही कट्टा तान दिया। हालात बेहद संवेदनशील थे, लेकिन कांस्टेबल ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बिना घबराए आरोपी को काबू में कर लिया। बताया जा रहा है कि कांस्टेबल संतोष ने अकेले ही आरोपी से कट्टा छीनकर उसे पकड़ लिया और बाद में थाने लेकर पहुंचे। आरोपी के कब्जे से कट्टा बरामद कर लिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *