ईडी ने पूर्व विधायक बलजीत यादव को गिरफ्तार किया; MLA फंड के 3 करोड़ रुपए गबन का आरोप

जयपुर/बहरोड़ | बहरोड़ के पूर्व निर्दलीय विधायक बलजीत यादव को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जयपुर क्षेत्रीय इकाई ने मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया। ईडी ने उन्हें शाहजहांपुर टोल प्लाजा दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एनएचएआई ऑफिस के पास से हिरासत में लिया था और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बलजीत यादव पर स्थानीय क्षेत्र विकास फंड (एमएलए फंड) से 3 करोड़ रुपए से अधिक की राशि के दुरुपयोग और गबन का आरोप है। गबन क्रिकेट और बैडमिंटन किट खरीद में हुआ, जिसमें सरकारी स्कूलों को घटिया खेल सामग्री आपूर्ति की गई। इससे पहले ये मामला एसीबी में दर्ज हुआ था, जिसके आधार पर पीएमएलए एक्ट के तहत ईडी जांच कर रही है। गौरतलब है कि जनवरी 2025 में ईडी ने बलजीत यादव और उनके सहयोगियों के 10 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसमें जयपुर में आठ, दौसा और अलवर में एक-एक ठिकाने शामिल थे। उस समय छापेमारी में 31 लाख रुपए नकद, लाखों की ज्वैलरी, दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए थे। पिछले साल बलजीत व सहयोगियों के 10 ठिकानों पर छापे पड़े थे यह था घोटाला 2021 में बलजीत यादव ने विधायक रहते हुए अलवर के 32 सरकारी स्कूलों में क्रिकेट बैट, बैडमिंटन किट और अन्य सामग्री खरीदी में भूमिका निभाई थी। आरोप है कि सामान ढाई-तीन गुना ज्यादा कीमत पर खरीदा। सामग्री घटिया क्वालिटी की थी। 3.72 करोड़ की हेराफेरी में यादव की भूमिका थी। इस केस में बालाजी कम्पलीट सोल्यूशन्स प्रा. लिमिटेड, सूर्या इंटरप्राइजेज, राजपूत स्पोर्ट्स इंटरप्राइजेज, शर्मा स्पोर्ट्स इंटरप्राइजेज के संचालक व शिक्षा विभाग के कुछ कर्मचारी भी आरोपी बनाए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *