रांची नगर निगम चुनाव को लेकर पांचवें दिन मेयर प्रत्याशी के नामांकन का दौर शुरू हुआ। मंगलवार को रांची मेयर सीट के लिए कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी रमा खलखो समेत कुल 10 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। इनमें भाजपा नेता संजय कुमार टोप्पो, सुजाता कच्छप, राजेंद्र मुंडा, सुनील फकीरा कच्छप, झामुमो नेत्री कटरीना तिर्की, प्रवीण कच्छप, सोनू खलखो, देवी दयाल मुंडा, विनोद कुमार बड़ाईक आदि शामिल हैं। वहीं वार्ड पार्षद के लिए कुल 53 वार्ड से अबतक 197 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है, जिसमें 118 महिलाएं शामिल हैं। शहर की सरकार बनाने का गवाह रांची समाहरणालय परिसर बन रहा है। नामांकन को लेकर रांची जश्न में डूबी नजर आने लगी है। शहर के चारों ओर से नामांकन करने वाले पहुंच रहे हैं। नामांकन के पूर्व सभी शक्ति प्रदर्शन करते हुए ढोल-नगाड़े और अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे। प्रत्याशियों और समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। चाहे वह मेयर पद के लिए या फिर वार्ड पार्षद पद के लिए, नामांकन करने के पूर्व शक्ति प्रदर्शन किया गया। अपने-अपने क्षेत्र से भारी जुलूस के साथ लोग कचहरी परिसर पहुंचे। कई प्रत्याशी ढोल-नगाड़े और समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे समर्थकों के जुलूस के कारण जाम की स्थिति वार्ड पार्षद के नामांकन को लेकर गहमा-गहमी रही। कचहरी रोड, रातू रोड, लालपुर, कचहरी चौक सहित पूरे समाहरणालय परिसर तक गहमा-गहमी रही। जुलूस के कारण समाहरणालय आने वाले सभी सड़कों पर जाम की स्थिति रही। हालांकि नामांकन करने रिटर्निंग ऑफिसर के पास पांच लोगों को ही जाने की इजाजत थी। मगर प्रत्याशियों के साथ समाहरणालय पहुंचने वाले समर्थकों की संख्या काफी अधिक थी। सात फरवरी से चुनाव प्रचार तेज हो जाएगा बुधवार को नामांकन करने की आखिरी तारीख है। अब जो बचे हुए प्रत्याशी हैं या चुनाव लड़ना चाहते हैं, वे चार को अपना पर्चा दाखिल करेंगे। इसके बाद नाम वापसी की तिथि पांच फरवरी है। पांच फरवरी को पर्चा की स्क्रूटनी होगी। छह फरवरी को सिंबल एलॉटमेंट होगा। इसके बाद सात फरवरी से प्रत्याशी चुनावी प्रचार में जुट जाएंगे। सार्वजनिक अवकाश के बावजूद आज होगा नामांकन : चार फरवरी को शब-ए-बरात के अवकाश के बावजूद नामांकन होगा। जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, चार फरवरी को कार्यपालक आदेश के तहत सरकारी अवकाश घोषित किया गया है। लेकिन निर्वाचन से संबंधित कार्य पूर्ववत जारी रहेंगे। कंडिका 5.4.2 के अनुसार, निर्वाचन कार्य में कार्यपालक अवकाश, सार्वजनिक अवकाश की श्रेणी में नहीं आता है, इसलिए चार फरवरी को नॉमिनेशन जारी रहेगा।


