मेरा वार्ड मेरा अधिकार:वार्ड 11 व 12 में नाली की सफाई नहीं होती, वाटर कनेक्शन भी नहीं पहुंचा

शहर के वार्ड नंबर 11 और 12 में पानी, सफाई, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं से स्थानीय लोग जूझ रहे हैं। वार्ड नंबर 11 के अंतर्गत डंगराटोली निवासी पूनम बाड़ा ने बताया कि क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत है। वाटर कनेक्शन अब तक नहीं पहुंचा है। स्ट्रीट लाइट भी खराब है, जिससे रात में चोरी की आशंका बनी रहती है। क्षेत्र में कई नाले खुले हुए हैं, जिन्हें अब तक ढंका नहीं गया है। सुमन कच्छप ने बताया कि डंगराटोली और लालपुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में हॉस्टल-घर में किराएदार रहते हैं, जिससे पानी और बिजली की खपत बढ़ जाती है। डंगराटोली का मुख्य नाला पूरी तरह खुला है और बदबू से लोग परेशान रहते हैं। निवर्तमान पार्षद रंजू सिंह ने स्वीकार किया कि क्षेत्र में नालियों की स्थिति बेहतर करने की जरूरत है। वहीं, वार्ड 12 की निवासी जया टुडू ने बताया कि लोवाडीह में कचरे का उठाव नियमित रूप से नहीं होता। मजबूरन लोग घर का कूड़ा सड़क किनारे फेंक देते हैं। इससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैलती है। रोशन आनंद ने बताया कि शांति नगर में सप्लाई पानी का कनेक्शन नहीं मिला है। केवल पाइपलाइन बिछाकर छोड़ दिया गया है। मुहल्ले की स्ट्रीट लाइट की स्थिति काफी खराब है। रोड पर आवारा पशु भी घूमते रहते हैं। कचरा गाड़ी भी रोज नहीं आती है। इस संबंध में निवर्तमान पार्षद कुलभूषण डुंगडुंग ने कहा कि कई स्थानों पर नाली निर्माण में जमीन उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण काम अधूरा रह जाता है। उन्होंने माना कि बारिश के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कचरे का उठाव भी अपेक्षित नहीं है। वार्ड नंबर 11 – वोटर : 17782 महिला – 9125 पुरुष- 6651 10 साल में जो काम हुए : रमजान कॉलोनी व कुरैशी मोहल्ले में सड़क बनी। वाटर सप्लाई में सुधार हुआ। लोग सरकारी योजनाओं से जुड़े। ये काम बचे रह गएः नाली की स्थिति दुरूस्त करने की जरूरत, बिजली के तार जगह-जगह लटके हुए है, दुर्घटना होने की संभावना रहती है, ठीक करने की जरूरत है। क्षेत्र: लालपुर, डंगराटोली, कुम्हार टोली गली नंबर-1, गली नंबर-2, रमजान कॉलोनी, खुरैशी मोहल्ला, वाईएमसीए वार्ड नंबर – 12 – वोटर : 12760 महिला- 6568 पुरुष- 6192 8 साल में जो काम हुएः शांति नगर और गड़हा टोली में सड़क बना, लोवाडीह कब्रिस्तान में शेड का निर्माण, लोवाडीह के सरना स्थल में बोरिंग और सुंदरीकरण, स्वर्णरेखा नदी के श्मशान घाट में शौचालय की व्यवस्था, ये काम बचे रह गएः मुंडा चौक के नाली का निर्माण कराना है, लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। क्षेत्रः शांति नगर, गड़हा टोली, इलाही बस कॉलोनी, लोवाडीह, आजाद कॉलोनी

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *