युवक का नशे की हालत में वीडियो बनाने वाले शख्स पर दात्तर से हमला, सिर पर लगे 26 टांके

भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना छेहर्टा के अधीन आते इलाका खंडवाला के पास नशे में युवक का वीडियो बनाने वाले शख्स को तेजधार हथियारों से हमला करके घायल कर दिया गया। वीडियो बनाने वाले के सिर पर तेजधार दात्तर से हमला किया है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है, जिसके सिर पर 26 टांके लगे हैं। वहीं थाना छेहर्टा की पुलिस को इस संबंधी शिकायत भी की गई है लेकिन शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अमनदीप शर्मा निवासी यूनिवर्सल एन्कलेव स्टेट बैंक ऑफ इंडिया वाली गली छेहर्टा का आरोप है कि युवक शराब के नशे में नहीं हेरोइन के नशे में था। नशा करने वाला युवक, उसका पिता और उसके कुछ रिश्तेदार चिट्टा पीने के साथ-साथ बेचने का भी धंधा करते हैं, लेकिन पुलिस उन्हें बचाने में लगी हुई है। अमनदीप शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो 29 जनवरी 2026 का है। जिस समय वीडियो बनाई, उसके साथ कई और लोग भी थे, जिन्होंने वीडियो बनाया था। उन्होंने ही उसे वायरल भी कर दिया लेकिन रिधम उर्फ राधू निवासी छेहर्टा ने इसी रंजिश में हमला किया कि उसने वीडियो वायरल की है। 30 जनवरी 2026 की रात 8 बजे के करीब वह घर जा रहा था तो उसी दौैरान राधू, उसके पिता, उसकी मां, उसके चाचा का बेटा, बब्बू और अन्य 5-6 अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया। पहले सिर पर डंडे मारे गए। उसके बाद रिधू के चाचा का बेटा बुलेट पर आया और पैरों पर चढ़ा दिया, जिससे उसका अंगूठा टूट गया। इसके बाद उसने दात्तर निकाला और उसने दात्तर से उसके सिर पर वार कर दिए। वह बुरी तरह से घायल हो गया और हमलावर यह सोचकर भाग गए कि मर गया है। उसके पश्चात 2 राहगीरों ने उसे थाने पहुंचाया, जहां से डाक्ट कटने के बाद वह गुरु नानक देव अस्पताल पहुंचा और उसका ईलाज शुुरू हुआ। सिर पर करीब 26 टांके लगे हैं। पुलिस उसकी कोई शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। एएसआई जयबीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पहले दिन ही जब शिकायतकर्ता ने शिकायत दी थी तो उसका डाक्ट काट दिया था और उसका मेडिकल करवाया गया था। उसकी एमएलआर रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आते ही बनती कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को छेहर्टा इलाके में नशे में धुत्त युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें युवक बुरी तरह से नशे में धुत्त था और जमीन पर गिर रहा था। यह वीडियो जब सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो पुलिस ने इस पर सफाई दी। एसीपी शिवदर्शन ने दावा किया कि वीडियों में युवक शराब के नशे में था। हैरानीजनक यह है कि जिस तरह से वीडियों में युवक नशे में झूलता हुआ दिखा, उससे लोगों में साफ चर्चा है कि शराब के नशे में कोई भी इस तरह से नहीं झूलता। चर्चा है कि पुलिस अपनी नाकामी छिपाने के लिए उसे शराब का नशा बता रही है। वहीं एसीपी ने दावा किया कि युवक को नशा छुड़ाओ केंद्र में दाखिल करवा दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *