लुधियाना| केहर सिंह नगर के इलाके में डिलीवरी बॉय पर तेजधार हथियारों से किए गए हमले के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत 10–12 अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वारदात में घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज डीएमसी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार, शिकायत लक्ष्मीधर नायर निवासी रजोरी गार्डन ने दी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा शिवम रात के समय घर लौट रहा था, तभी केहर सिंह नगर के पास गली में कुछ युवकों ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मनीश, रितिक, रिशव, सुमित, जतिन, रिशी, अंकित और कृष्णा को नामजद किया है। इनके अलावा 10–12 अज्ञात युवकों को भी आरोपी बनाया गया है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है, जिनमें जानलेवा हमला, हथियारों से हमला, आपराधिक धमकी और सामूहिक हिंसा से जुड़ी धाराएं शामिल हैं। जांच टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायल की हालत की जानकारी ली, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए अयोग्य बताया। इसके बाद पिता के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कंट्रोल रूम को सूचना देकर विशेष रिपोर्ट भी जारी की है। थाना पुलिस और चौकी जगतपुरी की टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और फरार अज्ञात हमलावरों की पहचान भी की जा रही है।


