रोजाना सीमित समय के लिए खिड़कियां खोल कर घर को सुरक्षित बनाएं

बीमारियों का खतरा कम करता है : अक्सर माना जाता है कि ठंड में खिड़की खोलने से सर्दी-जुकाम हो जाएगा, लेकिन असल में बंद और घुटी हुई हवा संक्रमण को ज्यादा फैलाती है। वायरस और बैक्टीरिया बंद जगहों में ज्यादा देर तक सक्रिय रहते हैं। दिन में कुछ समय के लिए खिड़की खोलना या क्रॉस वेंटिलेशन देना हवा को साफ करता है और संक्रमण का जोखिम कम करता है। यही वजह है कि डॉक्टर भी सर्दियों में कमरों को पूरी तरह बंद न रखने की सलाह देते हैं। हीटर और गैस उपकरणों के साथ सुरक्षा : सर्दियों में रूम हीटर, ब्लोअर और गैस गीजर का इस्तेमाल आम है। बिना वेंटिलेशन के इन उपकरणों से कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी जहरीली गैस निकल सकती है, जो बेहद खतरनाक होती है। कई बार लोगों को इसका पता तक नहीं चलता और गंभीर हादसे हो जाते हैं। थोड़ी सी खुली खिड़की या एग्जॉस्ट फैन ऐसी गैसों को बाहर निकालने में मदद करता है और घर को सुरक्षित बनाता है। यह छोटी सी सावधानी बड़े खतरे से बचा सकती है। सही तरीके से वेंटिलेशन ऐसे दें : सर्दियों में पूरे दिन खिड़कियां खोलना जरूरी नहीं, बल्कि सही समय और सही तरीका अहम है। सुबह या दोपहर में जब धूप निकलती है, उस समय 20–30 मिनट के लिए खिड़कियां खोलना काफी होता है। किचन और बाथरूम में एग्जॉस्ट फैन का इस्तेमाल करें ताकि नमी और धुआं बाहर जाए। अगर बहुत ठंड हो तो दरवाजे-खिड़कियां आधी खोलें या क्रॉस वेंटिलेशन दें, जिससे हवा बदले लेकिन ठंड ज्यादा न लगे। पर्दे और ड्राफ्ट स्टॉपर की मदद से ठंडी हवा के सीधे झोंकों से बचाव भी किया जा सकता है। भास्कर न्यूज। लुधियाना। सर्दियों में लोग ठंड से बचने के लिए घर पूरी तरह बंद रखते हैं, लेकिन यही आदत सेहत और घर दोनों के लिए नुकसानदायक बन सकती है। ठंडी हवा से बचाव जरूरी है, लेकिन हवा का पूरी तरह रुक जाना कई तरह की समस्याओं को जन्म देता है। सर्दियों में भी घर को वेंटिलेशन देना उतना ही जरूरी है जितना गर्मियों में, फर्क सिर्फ इतना है कि तरीका समझदारी से अपनाना होता है। ठंड के मौसम में हम खिड़की-दरवाजे बंद रखते हैं, हीटर, गीजर और किचन गैस का इस्तेमाल बढ़ जाता है। ऐसे में कार्बन डाइऑक्साइड और दूसरी हानिकारक गैसें घर के अंदर जमा होने लगती हैं। ताजी हवा न मिलने से सिरदर्द, थकान, आंखों में जलन और सांस से जुड़ी दिक्कतें बढ़ सकती हैं। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और अस्थमा या एलर्जी से जूझ रहे लोगों पर इसका असर जल्दी दिखता है। थोड़ी देर की भी प्राकृतिक हवा घर के अंदर की हवा को संतुलित कर देती है। सर्दियों में आराम और गर्माहट जरूरी है, लेकिन इसके साथ हवा का प्रवाह बनाए रखना भी उतना ही अहम है। सही वेंटिलेशन न सिर्फ सेहत को बेहतर रखता है, बल्कि घर की उम्र और सुरक्षा भी बढ़ाता है। थोड़ी सी समझदारी से अपनाया गया वेंटिलेशन सर्दियों में भी घर को ताजा, सुरक्षित और स्वस्थ बनाए रख सकता है। सर्दियों में धूप कम और नमी ज्यादा रहने से घर में सीलन की समस्या बढ़ जाती है। बाथरूम, किचन और बंद कमरों में फंगस और फफूंदी जल्दी पनपती है, जिससे बदबू और एलर्जी का खतरा रहता है। सही वेंटिलेशन से नमी बाहर निकलती है और दीवारों, छत और फर्नीचर को नुकसान से बचाया जा सकता है। लंबे समय तक बंद घरों में लकड़ी और कपड़े तक खराब होने लगते हैं, जिसे ताजी हवा काफी हद तक रोक सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *