झारखंड में आज से एक सप्ताह तक सुबह कोहरा:रांची, बोकारो, हजारीबाग सहित 7 जिलों में ड्राइ रहेगा मौसम, रातें होंगी ज्यादा ठंडी

मौसम के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड में अगले एक सप्ताह तक मौसम का मिजाज लगभग एक जैसा बना रहेगा। मौसम विभाग ने बताया है कि राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा या कुहासा देखने को मिल सकता है। इसके बाद जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, कोहरा छंट जाएगा और आसमान आंशिक से लेकर मुख्य रूप से साफ रहेगा। मौसम शुष्क रहने के कारण दिन में धूप निकलेगी, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रहेगा। कई जिलों में सुबह-सुबह रहेगा कुहासा रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। सुबह हल्का कोहरा रहने के बाद दिन में मौसम साफ हो जाएगा। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में भी सुबह के समय कोहरा छाने के आसार हैं, जबकि दिन में धूप खिली रहेगी। वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार तथा देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। तापमान में धीरे-धीरे गिरावट, ठंड बढ़ेगी मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। रांची और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 5 फरवरी के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा। मौसम विभाग ने फिलहाल 9 फरवरी तक के लिए किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है। रातें ज्यादा सर्द, दिन में हल्की गर्मी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों में अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मध्य झारखंड में न्यूनतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिलेगी और गुमला में पारा 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दक्षिण झारखंड में दिन के समय अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा, लेकिन रातें यहां भी ठंडी होंगी। उत्तर-पश्चिमी जिलों में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। कुल मिलाकर प्रदेश में दिन-रात के तापमान का अंतर बढ़ेगा और ठंड का असर खासकर सुबह-शाम ज्यादा महसूस होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *