हनुमानगढ़ में गोलूवाला थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी पंकज (36) निवासी चक 21 एमओडी, गोलूवाला के कब्जे से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मंगलवार देर शाम एएसआई विजेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गोलूवाला कस्बे के पास निर्माणाधीन हाईवे क्षेत्र में गोलूवाला निवादान की रोही में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखा। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच एएसआई सुनील कुमार को सौंपी गई है।


