जबलपुर के बदुआ डैम में मिला लापता किसान का शव:कंबल में लपेटकर तार से बांधकर फेंका,खेत पर दवा डालने गया था किसान; 30 जनवरी से था लापता

कुंडम थाना क्षेत्र में 30 जनवरी से लापता किसान का शव बुधवार सुबह बदुआ डैम से बरामद किया गया। शव कंबल में लिपटा और जीआई तार से बंधा हुआ था, जिससे पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान ग्राम खोरा निवासी कपिल टैंभारे के रूप में हुई है। वह 30 जनवरी की दोपहर खेत में फसल पर दवा डालने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। ग्रामीणों ने देखी लाश, पुलिस को दी सूचना मंगलवार को बदुआ डैम के पास से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने पानी में एक शव को उतराते हुए देखा। उन्होंने तुरंत कुंडम थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ को भी बुलाया। गोताखोरों और एसडीआरएफ टीम ने नावों की मदद से डैम में तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण मंगलवार रात शव को बाहर नहीं निकाला जा सका। बुधवार सुबह दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें शव को डैम से बाहर निकाला गया। बाहर निकालने पर शव कंबल में लिपटा हुआ था और उस पर जीआई तार बंधा मिला। खेत में दवा डालने गया था कपिल जानकारी के मुताबिक कपिल के पिता किसी काम से जबलपुर गए हुए थे। 30 जनवरी की दोपहर कपिल ने अपनी मां से कहा था कि वह खेत में दवा डालने जा रहा है। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में खेत पहुंचे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने कुंडम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने शुरू की जांच शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए कुंडम स्वास्थ्य केंद्र भेजा। डीएसपी आकांक्षा उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। हालांकि जिस तरह से शव कंबल और तार से लिपटा हुआ मिला है, उससे यह आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को डैम में फेंका गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *