बारां में भेड़ चोरी का प्रयास नाकाम:जंगल से 400 भेड़ों का झुंड ले जा रहे 7 आरोपी गिरफ्तार

बारां जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र में भेड़ चोरी के एक प्रयास को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए भेड़ें चुराने की कोशिश कर रहे सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी रात के अंधेरे में जंगल में डेरा डाले चरवाहों को निशाना बना रहे थे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि पाली जिले के बिछी गुढ़ा निवासी राजाराम (30) अपने करीब 400 भेड़ों के झुंड के साथ ग्राम बेहटा, बारां के जंगल क्षेत्र में चरवाही के लिए रुका हुआ था। 31 जनवरी की रात करीब 11 बजे पालतू कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर राजाराम की नींद खुली। बाहर निकलकर देखने पर उसने 8 से 10 युवकों को भेड़ों को चुराकर ले जाते हुए देखा। शोर मचाने पर राजाराम और उसके साथियों ने उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी भेड़ों को छोड़कर भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया। इसके बाद शाहबाद थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और सभी संदिग्धों को थाने लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने भेड़ चोरी की वारदात स्वीकार की। फरियादी ने आशंका जताई है कि यही आरोपी पहले भी उनके डेरों से भेड़ चोरी कर चुके हैं। पुलिस ने इस मामले में मध्य प्रदेश के खिरखिरी निवासी कमलेश (20), बहादूर (32), बबलू (28), जगदीश (35), सतीश (30), शेरसिंह (22) और गुना जिले के म्याना थाना क्षेत्र के रायपुर निवासी अशोक (30) को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल रमेशचंद, कांस्टेबल रजत सिंह और सुनील सहित पुलिस टीम शामिल रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *