रायसेन जिले में नशीले पदार्थों और नशीली दवाओं का व्यापार, परिवहन और उत्पादन आदि अवैध कारोबार ना हो, इसके लिए कलेक्टर अरविंद दुबे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सोमवार शाम को जिला स्तरीय बैठक हुई। कलेक्टर ने कहा कि जिले में अफीम, गांजा, भांग आदि नशीले पदार्थों की अवैध खेती का ना हो, इसके लिए सभी समन्वय के साथ तत्परता से काम करें। संदिग्ध या संभावित जगहों का सतत निरीक्षण किया जाए। उन्होंने उप संचालक कृषि को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि स्कूल, कॉलेज आदि शैक्षणिक संस्थाओं के पास स्थित दुकानों पर नशीले पदार्थों का विक्रय ना हो यह सुनिश्चित करें। शैक्षणिक संस्थानों के समीप स्थित दुकानों की सतत जांच की जाएं। उन्होंने उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग को जिले में नशामुक्ति के लिए जन जागरूकता लाने, नागरिकों को नशे के दुष्परिणाम बताते हुए जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ड्रग इंस्पेक्टर को भी मेडिकल दुकानों की जांच करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक पंकज पाण्डे ने भी अधिकारियों को सूचना संकलन आदान प्रदान करते हुए नशीली वस्तुओं पर प्रभावी नियंत्रण करना सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि अफीम, गांजा की खेती की सूचना विभिन्न स्रोतों से प्राप्त करें। नशीले पदार्थों के उत्पादन, विक्रय या परिवहन की जानकारी प्राप्त होते ही तुरंत कार्रवाई की जाए।


