सिहावल अस्पताल के बाहर शराब के नशे में हंगामा:दो युवक बीच सड़क पर बेहोश, आधे घंटे तक लगा जाम

सीधी जिले के सिहावल क्षेत्र में मंगलवार देर रात सिहावल अस्पताल के बाहर शराब के नशे में धुत दो युवकों ने जमकर हंगामा किया। रात करीब 10 बजे हुई इस घटना में दोनों युवक आपस में झगड़ते हुए बीच सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। इससे आवागमन बाधित हो गया और लगभग आधे घंटे तक जाम लगा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों युवक अत्यधिक नशे में थे। उनमें से एक ने अपना नाम रमेश बताया, जो सीधी जिले के ग्राम बमुरी का निवासी है। दूसरा युवक भी नशे में बेसुध था और दोनों अपना नाम भी ठीक से नहीं बता पा रहे थे। नशे की हालत में वे राहगीरों से उलझते रहे, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई। हंगामे के दौरान, युवकों ने एक मोटरसाइकिल पर पत्थर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और दो साइकिलें भी तोड़ डालीं। इसके बाद वे सड़क किनारे रखे गिट्टी के ढेर पर गिरकर बेहोश हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन नशे की अधिकता के कारण उन्हें संभालना मुश्किल था। बाद में, लोगों ने उन्हें सड़क के किनारे बैठाया और डायल 112 को घटना की सूचना दी। इस घटना को लेकर ग्रामीण शक्तिभान पटेल ने आबकारी विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है, लेकिन आबकारी विभाग के अधिकारी केवल खानापूर्ति करके लौट जाते हैं। पटेल ने आरोप लगाया कि इसी लापरवाही के कारण लोग खुलेआम शराब पीकर ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं, जिससे आम जनता को परेशानी होती है। वहीं, सिहावल चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी भी व्यक्ति द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *