देवास के औद्योगिक क्षेत्र क्रमांक-1 में मंगलवार रात एक कंपनी में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में करीब ढाई घंटे का समय लगा। आग बुझाने के लिए 10 से 12 दमकलों को मौके पर लगाया गया। जानकारी के अनुसार आग जी.जी. ऑटोमोटिव गियर कंपनी में रात करीब 3:30 बजे लगी। आग लगते ही कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की वजह से कंपनी का शेड पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। तेल के ड्रमों से तेजी से फैली आग
कंपनी परिसर में तेल के ड्रम रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। हालांकि समय रहते दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभाल लिया और आग को अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने से रोक लिया। आग की सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकलों के साथ-साथ आसपास की औद्योगिक इकाइयों की फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सीएसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि आग बड़ी थी, लेकिन समय पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं फायर डिपार्टमेंट के प्रतीक शर्मा ने बताया कि उन्हें रात 3:45 बजे सूचना मिली थी और आग बुझाने में कई दमकलों का सहारा लेना पड़ा। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।


