आप ने टिब्बी नगरपालिका को 7 सूत्री ज्ञापन सौंपा:अव्यवस्थाओं पर 7 दिन में कार्रवाई न होने पर धरने की चेतावनी

आम आदमी पार्टी (आप) ने हनुमानगढ़ के टिब्बी नगरपालिका क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं और नागरिक समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। पार्टी जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल के नेतृत्व में आप कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बुधवार को नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि सात दिन के भीतर इन मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो नगरपालिका कार्यालय के सामने धरना दिया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। आप नेताओं ने कहा कि नगरपालिका के गठन को लंबा समय बीत जाने के बावजूद टिब्बी क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। पार्टी ने चक 8 जीजीआर की कृषि भूमि पर धारा 90-ए की कार्रवाई को जनहित के खिलाफ बताया। आप नेताओं का तर्क है कि कॉलोनाइजर पहले ही आम लोगों से राशि वसूल चुके हैं, इसलिए 90-ए की निर्धारित फीस पट्टा आवेदकों से लेना अन्याय है। यह राशि कॉलोनाइजर से वसूली जानी चाहिए। ज्ञापन में नगरपालिका क्षेत्र में फैली गंदगी पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। मांग की गई कि सफाई कार्य में बाहरी मजदूरों के बजाय स्थानीय लोगों को रोजगार दिया जाए। इसके अतिरिक्त, नालियों के निर्माण और हर वार्ड में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग भी उठाई गई। सफाई कर्मचारियों की मजदूरी से की जा रही कथित कटौती को तुरंत रोककर पूरा भुगतान करने की मांग की गई। आप ने यह भी मांग की कि जिन लोगों ने पट्टों के लिए आवेदन किया है, उनके पट्टे तुरंत जारी किए जाएं। पीएम आवास योजना और खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित पात्र परिवारों का सर्वे कर उन्हें इन योजनाओं से जोड़ा जाए। साथ ही, नगरपालिका में सफाई कर्मचारियों की स्थायी भर्ती के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने की मांग भी की गई। ज्ञापन सौंपने वालों में राजवीर माली, सुभाष पारीक, अशोक कुमार, गुरबख्श सिंह, नाथूराम, चरणजीत सिंह, गुरमेल सिंह, रंजीत सिंह, वजीर अली, बिरजा राम, राजा सिंह, देवा सिंह, लीलाधर भाट, रूघाराम, ओमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में टिब्बी के नागरिक शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *