खेल सचिव बोले-PWD की रिपोर्ट में सवाई मानसिंह स्टेडियम सुरक्षित:मामूली सुधार के बाद जयपुर में IPL मैचों के आयोजन करवाए जा सकते हैं

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मुकाबलों को लेकर सवाई मानसिंह स्टेडियम की संरचनात्मक सुरक्षा पर उठे सवालों के बीच राज्य सरकार ने स्थिति साफ कर दी है। राजस्थान खेल विभाग के सचिव नीरज कुमार पवन ने बताया- राजस्थान रॉयल्स ने एक निजी एजेंसी से स्टेडियम का सर्वे कराया गया था, जिसमें कुछ खामियां और कमियां बताई गई थीं। इसके बाद राज्य सरकार ने सवाई मानसिंह स्टेडियम की गहन जांच के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) की एक हाई लेवल कमेटी का गठन किया। इस समिति में एडिशनल चीफ इंजीनियर स्तर के सीनियर अधिकारी और एमएनआईटी के प्रोफेसर को शामिल किया गया। जो स्ट्रक्चर सेफ्टी के विशेषज्ञ हैं। कमेटी ने स्टेडियम का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर लिया है। कमेटी ने रिपोर्ट में कहा- मामूली सुधार के बाद एसएमएस आईपीएल मैच के लिए पूरी तरह सुरक्षित होगा उन्होंने बताया- कमेटी की प्रारंभिक रिपोर्ट भी आ गई है। इसमें कहा गया है कि अगर कुछ मामूली सुधार कर लिए जाए तो सवाई मानसिंह स्टेडियम आईपीएल मुकाबलों के आयोजन के लिए पूरी तरह सुरक्षित और उपयुक्त है। पिछले दिनों एसएमएस में बड़े आयोजन हुए नीरज कुमार पवन ने कहा कि पिछले दो सालों से राज्य सरकार के नेतृत्व में राजस्थान में आईपीएल मुकाबलों का सफल आयोजन किया गया है। इस बार भी सरकार को पूरा भरोसा है कि बिना किसी बाधा के जयपुर में आईपीएल मैच कराए जाएंगे। हाल के दिनों में सवाई मानसिंह स्टेडियम में विजय हजारे ट्रॉफी, इंडियन आर्मी डे समेत कई बड़े आयोजनों का सफल आयोजन हो चुका है, जो स्टेडियम की क्षमता और सुरक्षा का प्रमाण है। सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही वहीं राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी के कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने कहा कि जयपुर में आईपीएल मुकाबले कराने के लिए सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है। RCA की ओर से भी स्टेडियम में सुधार कार्य शुरू कर दिए गए हैं। ग्राउंड स्टाफ की मदद से मैदान और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में इस बार भी जयपुर में आईपीएल मुकाबलों का आयोजन होगा। राजस्थान रॉयल्स होम ग्राउंड पुणे शिफ्ट करने की तैयारी में था बता दें कि हाल ही में राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन ने सवाई मानसिंह स्टेडियम की स्थिति को लेकर आपत्ति जताते हुए जयपुर से अपना होम ग्राउंड पुणे शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी थी। इसके बाद राज्य सरकार और राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन ने रॉयल्स प्रबंधन और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पदाधिकारियों से बातचीत कर जयपुर में आईपीएल मुकाबले आयोजित करने की मांग रखी। अब PWD कमेटी की रिपोर्ट के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जयपुर से आईपीएल की मेजबानी नहीं छीनी जाएगी और सवाई मानसिंह स्टेडियम में ही मुकाबले खेले जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *