मुल्लापुर दाखा के इलाके के खेतों और ईंट भट्ठों पर लगातार हो रही चोरियों से परेशान किसानों और भट्ठा मालिकों ने खुद मोर्चा संभालते हुए दो चोरों को रंगे हाथ दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों ने कबूला है कि वे अपनी नशे की तलब को पूरा करने के लिए छोटी-बड़ी चोरियां करते थे। शिवा ब्रिक भट्ठा के मालिक मनोज कुमार ने बताया कि पिछले काफी समय से उनके भट्ठे और आसपास के खेतों को निशाना बनाया जा रहा था। चोर कभी कीमती मोटर कभी बिजली की तारें तो कभी लोहे के औजार उड़ा ले जाते थे। रोजाना के नुकसान से तंग आकर स्थानीय किसानों और भट्ठा कर्मियों ने गुप्त रूप से इलाके में निगरानी बढ़ा दी थी। दिनदहाड़े वारदात: भट्ठे का सामान समेटते पकड़े गए बुधवार को जब किसान भट्ठे के पास खेतों में काम कर रहे थे तभी उन्होंने दो संदिग्ध युवकों को बंद पड़े भट्ठे से सामान उठाते देखा। किसानों ने बिना देरी किए घेराबंदी की और दोनों को मौके पर ही धर दबोचा। पकड़े जाने के वक्त उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद हुआ। पूछताछ में बड़ा खुलासा: कबाड़ी को बेचते थे सामान पकड़े गए आरोपियों ने पुलिसिया पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे सामान चोरी कर सीधे मुल्लापुर के एक स्थानीय कबाड़ी को बेच देते थे। उससे मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल वे नशा खरीदने के लिए करते थे। चोरी का मुख्य कारण नशे की लत है। जानकारी देते हुए एएसआई नरेंद्र शर्मा दाखा पुलिस स्टेशन आरोपी सामान बेचकर मिलने वाले पैसों से तुरंत नशा खरीदते थे। अब उस कबाड़ी की भी तलाश की जा रही है जो चोरी का माल खरीदता था।


