फरीदकोट जिले की गांव कोटसुखिया में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 29 वर्षीय जगमीत सिंह के रूप में हुई। इस मामले में थाना सदर कोटकपूरा पुलिस ने मृतक की मां मनप्रीत कौर के बयान पर उसकी पत्नी और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में मां मनप्रीत कौर ने बताया कि उसके बेटे जगमीत सिंह की शादी करीब 10 साल पहले अमनदीप कौर के साथ हुई थी और उनका 8 साल का एक बेटा भी है। आरोप है कि उसकी बहू अक्सर उसके बेटे को परेशान करती रहती थी और अपनी मां के उकसावे पर जगमीत सिंह पर जमीन अपने नाम करवाने का दबाव बनाती थी। इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर जगमीत सिंह ने आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर थाना सदर कोटकपूरा के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरांदित्ता सिंह,डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार समेत आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार मृतक की मां के बयान पर पुलिस ने मृतक की पत्नी अमनदीप कौर और सास सुखदीप कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। इस संबंध में डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक की माता मनप्रीत कौर के बयान के आधार पर मृतक की पत्नी व सास पर मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान यदि कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उसके आधार पर मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।


