कपूरथला के फगवाड़ा सब डिवीजन के चाचोकी स्थित एक रिजॉर्ट में बीते मंगलवार रात जागो कार्यक्रम के दौरान दूल्हे की मां का बैग चोरी हो गया। बैग में करीब 10 लाख रुपये भारतीय मुद्रा, 10 लाख रुपये से अधिक के गहने और काफी यूरो करेंसी होने का अनुमान है, जिससे कुल 20 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान बताया जा रहा है। फगवाड़ा के डीएसपी भारत भूषण ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान कई तथ्य संदिग्ध नजर आ रहे हैं और पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है। पीड़िता ऑस्ट्रिया से अपने बेटे की शादी में आई थी पीड़िता की पहचान ऑस्ट्रिया से अपने बेटे की शादी के लिए भारत आईं एनआरआई कुलविंदर कौर पत्नी राम लाल वासी चाचोकी के रूप में हुई है। कुलविंदर कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने अपना बैग चाचोकी स्थित रिजॉर्ट में आयोजित जागो कार्यक्रम के दौरान सोफे पर रखा था, लेकिन कुछ समय बाद वह गायब मिला। कुलविंदर कौर के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में सूट-बूट पहने दो संदिग्ध लोग नजर आ रहे हैं, जिन्होंने संभवतः चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने रिजॉर्ट मैनेजमेंट पर भी मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शक के आधार पर रिजॉर्ट के एक सफाईकर्मी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। वहीं, रिजॉर्ट के मैनेजर ने चोरी की घटना में किसी भी तरह की मिलीभगत से साफ इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


