खैरथल-तिजारा जिले में खाद्य कारोबारियों को लाइसेंस और पंजीयन की सुविधा एक ही जगह पर उपलब्ध कराने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग, जयपुर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी खैरथल-तिजारा डॉ. अरविंद गेट के निर्देशानुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग आगामी सप्ताह इन शिविरों का आयोजन करेगा। छोटे कस्बों और ग्राम पंचायतों में लगेंगे शिविर ये शिविर जिले के छोटे कस्बों और ग्राम पंचायतों में आयोजित होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 6 फरवरी को सोडावास (मुंडावर रोड), 7 फरवरी को बासनी मुंडावर, 8 फरवरी को बीबी रानी, 9 फरवरी को कोटकासिम कस्बा, 10 फरवरी को बूढ़ी बावल (कोटकासिम), 11 फरवरी को हरसोली (खैरथल रोड) और 12 फरवरी को तिजारा कस्बे में छोटी धर्मशाला में शिविर लगेंगे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत यादव ने बताया- सभी शिविर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। जिन खाद्य कारोबारियों का वार्षिक टर्नओवर 12 लाख रुपए से कम है, उन्हें अपना फोटो और आधार/पहचान पत्र की प्रति लानी होगी। ये दस्तावेज लाने होंगे जरूरी वहीं, 12 लाख रुपए से ज्यादा वार्षिक टर्नओवर वाले कारोबारियों को जीएसटी पंजीयन, दुकान स्वामित्व प्रमाण पत्र, पैन कार्ड और पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। निर्माण एवं प्रसंस्करण इकाइयों के लिए उपकरणों की सूची, पानी की जांच रिपोर्ट और इकाई के फोटो साथ लाना आवश्यक रहेगा।


