अलवर में बिजली विभाग के अकाउंट ऑफिस में कार्यरत UDC की संदिग्ध मौत हो गई। परिजनों ने भूखे पेट गैस की दवा लेने के बाद तबीयत खराब होने की बात कही है। वहीं डॉक्टर के अनुसार हार्ट अटैक से मौत हुई है। पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के अनुसार जांच करेगी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। UDC हिमांशु गुप्ता (40) स्कीम दो के रहने वाले थे। उनके साथी कर्मचारी मुकेश और परिजनों ने बताया- हिमांशु अलवर के काली मोरी स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय में अकाउंट सेक्शन में कार्यरत थे। सोमवार सुबह पेट में गैस की शिकायत होने पर भूखे पेट की गोली ली। उसके तुरंत बाद उल्टी होने लगी। उन्हें निजी हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां से जिला हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। यहां लाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं जिला अस्पताल के डॉक्टर के अनुसार प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक से मौत हुई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट के अनुसार जांच होगी। मृतक के दो बच्चे हैं।


