छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक नगरी खैरागढ़ में पहली बार थिएटर फेस्टिवल ‘भारत रंग महोत्सव’ का 25वां संस्करण आयोजित किया गया। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में 4 से 9 फरवरी 2025 तक चले इस महोत्सव में भारत के साथ-साथ रूस, इटली, जर्मनी, नॉर्वे, चेक गणराज्य, नेपाल, ताइवान, स्पेन और श्रीलंका के प्रतिष्ठित थिएटर समूहों ने हिस्सा लिया। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) की ओर से आयोजित इस भव्य महोत्सव का विस्तार 28 जनवरी से 16 फरवरी 2025 तक भारत के 10 प्रमुख शहरों के साथ-साथ नेपाल और श्रीलंका तक रहा। खैरागढ़ में आयोजित 6 दिवसीय कार्यक्रम में भोपाल, कोलकाता, असम, पुडुचेरी, मुंबई और पुणे के प्रसिद्ध भारतीय थिएटर समूहों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। हर शाम विश्वविद्यालय के मंच पर एक नया नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें अंतरराष्ट्रीय और भारतीय कलाकारों ने अपनी कहानियों, अभिनय और मंच सज्जा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस आयोजन ने छत्तीसगढ़ के उभरते कलाकारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया। साथ ही यह महोत्सव स्थानीय कलाकारों के लिए विश्व स्तरीय थिएटर समूहों से सीखने और उनके साथ जुड़ने का एक अनूठा मंच बन गया।


