10 से 25 तक जिले में चलेगा फाइलेरिया उन्मूलन अभियान

मुंगेली | फाइलेरिया (हाथीपांव) जैसी गंभीर बीमारी से बचाव व नियंत्रण के लिए जिले में 10 फरवरी से 25 फरवरी तक सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाना और आमजन को इस रोग के प्रति जागरूक करना है। कलेक्टर ने जिला पंचायत में आयोजित बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से शत-प्रतिशत हितग्राहियों को दवा सेवन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों से बचने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि 2 वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं व गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी को फाइलेरिया रोधी व कृमिनाशक दवा दी जाएगी। इसके लिए संकुल समन्वयकों को प्रशिक्षण दिया गया है। 10 से 12 फरवरी तक स्कूल, कॉलेज व आंगनबाड़ी केंद्रों में, 13 से 22 फरवरी तक घर-घर जाकर और 23 से 25 फरवरी तक छूटे हुए लोगों को मॉप-अप राउंड में दवा दी जाएगी। सभी स्वास्थ्य संस्थानों में एमडीए कॉर्नर भी बनाए जाएंगे। डीपीएम गिरीश कुर्रे ने बताया कि यह रोग क्युलेक्स मच्छरों से फैलता है, जो गंदे पानी में पनपते हैं। उन्होंने गंदा पानी जमा न होने देने और मच्छर नियंत्रण पर जोर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *