भास्कर न्यूज| पठानकोट अमृतसर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा पठानकोट के न्यू शास्त्री नगर का रहने वाला युवक अर्श चावला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिवार ने छात्र के अचानक गायब होने की सूचना अमृतसर पुलिस को दी गई है। अर्श चावला के लापता होने से पारिवारिक सदस्य चिंतित है। परिवार का कहना है कि उन्हें पता चला है कि अर्श चावला को वृंदावन में देखा गया है। इसके चलते परिवार के सदस्य वृंदावन गए हैं। न्यू शास्त्री नगर की मां भूमिका और नाना सतीश कुमार ने बताया कि अर्श चावला और उसका भाई पढ़ाई में हमेशा टॉप रहे हैं। अर्श चावला और उसके भाई ने नीट टेस्ट क्लीयर करने के बाद अक्टूबर महीने में अमृतसर गुरु नानक मेडिकल कालेज में एमबीबीएस का दाखिला लिया। अब कुछ दिनों से अर्श चुपचुप रहता था। परिवार ने कई बार उससे बातचीत कर चुप रहने की वजह भी पूछी। परिवार के मुताबिक अर्श धार्मिक स्वभाव का है। अर्श हमेशा वृंदावन में प्रेमानंद महाराज की वीडियो अकसर देखता रहता था। 29 जनवरी को उन्हें पता चला कि अर्श अमृतसर मेडिकल कालेज के होस्टल से बिना बताए चला गया है। इसके चलते पारिवारिक सदस्यों ने अमृतसर और जालंधर में ढूंढने का प्रयास किया। उन्हें अब किसी ने बताया है कि अर्श को वृंदावन में देखा गया है। अर्श के पिता और रिश्तेदार अब वृंदावन में जाकर ढूंढ रहे हैं।


